चेहरे और शरीर से सन टैन कैसे हटाएं : प्राकृतिक उपाय और टिप्स

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

शहनाज हुसैन : गर्मियों में तेज धूप, प्रदूषण और अल्ट्रावायलेट किरणों के कारण त्वचा पर सन टैन की समस्या आम हो जाती है। इससे चेहरा सांवला, बेजान और डल दिखने लगता है। महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स की बजाय कुछ घरेलू फेस पैक त्वचा को प्राकृतिक रूप से निखारने और मुलायम बनाए  रखने में मदद कर सकते हैं।

पपीता फेस पैक- पके पपीते को मैशकर उसमें कुछ बूंदें नींबू का रस मिलाएं। इसे चेहरे पर लगाकर सूखने दें और फिर ताजे पानी से धो लें। पपीते में शहद मिलाकर लगाया गया फेस पैक भी सन टैन हटाने और त्वचा को पोषण देने में सहायक होता है।

नींबू फेस पैक- एक चम्मच नींबू रस, एक चम्मच शहद और एक चम्मच दूध मिलाकर चेहरे पर लगाएं। आधे घंटे बाद धो लें। यह त्वचा की रंगत निखारने में मदद करता है। नींबू रस और चीनी का मिश्रण हल्के स्क्रब की तरह काम करता है, जिसे सप्ताह में एक बार इस्तेमाल किया जा सकता है।

जई और मठ्ठा पैक- दो चम्मच जई के आटे में थोड़ा मठ्ठा मिलाकर पेस्ट बनाएं। इसे चेहरे पर आधा घंटा लगाकर धो लें।

केला फेस पैक- पके केले में शहद और ऑलिव ऑयल मिलाकर चेहरे पर लगाएं। आधे घंटे बाद ठंडे पानी से धो लें।

एलोवेरा फेस पैक- तीन चम्मच एलोवेरा जेल, एक चम्मच हल्दी और दो चम्मच शहद मिलाकर पैक तैयार करें। इसे 20 मिनट तक चेहरे पर लगाएं। रोजाना एलोवेरा जेल लगाने से त्वचा की रंगत में सुधार आता है।

बेसन और दही पैक- बेसन और दही बराबर मात्रा में लेकर उसमें चुटकी भर हल्दी मिलाएं। इसे चेहरे पर लगाकर आधे घंटे बाद धो लें।

cats

शहद और संतरा पैक- एक चम्मच शहद, एक चम्मच संतरे का रस और अंडे का सफेद भाग मिलाकर चेहरे पर लगाएं। 20 मिनट बाद धो लें।

दही और नींबू पैक- एक चम्मच दही में एक चम्मच नींबू रस मिलाकर त्वचा पर लगाएं और 10 मिनट बाद धो लें।

खीरा फेस पैक- खीरे का रस, गुलाब जल और थोड़ा नींबू रस मिलाकर चेहरे पर लगाएं। 15-20 मिनट बाद धो लें। यह त्वचा को ठंडक और नमी प्रदान करता है। खीरा, पपीता, दही और ओट्स का मिश्रण भी टैन हटाने में उपयोगी माना जाता है।

आलू का रस- कद्दूकस किए हुए आलू का रस चेहरे पर लगाएं और 15 मिनट बाद साफ पानी से धो लें। यह त्वचा की टैनिंग कम करने में मदद करता है।

(नोट- किसी भी घरेलू उपाय को अपनाने से पहले त्वचा पर पैच टेस्ट अवश्य करें। संवेदनशील त्वचा होने पर विशेषज्ञ की सलाह लेना बेहतर होता है।)

संबंधित समाचार