Moradabad: यात्रियों की बढ़ती मांग देख रोडवेज बढ़ाएगा एसी बसों के फेरे

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। भीषण गर्मी में लंबी दूरी के लिए यात्रियों की पहली पसंद वातानुकूलित बसें बन रही हैं। यात्रियों की लगातार बढ़ती मांग को देखते हुए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने अपने बेड़े में एसी बसों की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ उनके चक्कर बढ़ाने की तैयारी कर दी है। क्षेत्रीय प्रबंधक के अनुसार पिछले वर्ष की तुलना में इस बार एसी बसों की संख्या में लगभग चार गुना तक वृद्धि हुई है, जिससे यात्रियों को अधिक सुविधाजनक और आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराई जा सके।

क्षेत्रीय प्रबंधक मुरादाबाद परिक्षेत्र अनुराग यादव ने बताया कि रोडवेज के आंकड़ों के अनुसार दिल्ली, मेरठ, गाजियाबाद, हरिद्वार, ऋषिकेश और देहरादून रूट पर एसी बसों की सबसे अधिक मांग है। खासकर गर्मी के मौसम और छुट्टियों के दौरान यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ी है। यात्री साधारण बसों की अपेक्षा एसी एवं इलेक्ट्रिक बसों को प्राथमिकता दे रहे हैं। इसके चलते रोडवेज इन रूटों पर बसों के अतिरिक्त फेरे बढ़ाने की योजना बना रहा है जिससे यात्रियों को बसों के लिए लंबा इंतजार न करना पड़े।

एसी बसों के संचालन से निगम की आय में भी लगातार वृद्धि हो रही है। लंबी दूरी के यात्रियों के साथ-साथ नौकरीपेशा लोग और पर्यटक भी इन बसों का अधिक उपयोग कर रहे हैं। विशेष रूप से हरिद्वार, ऋषिकेश और देहरादून जाने वाले यात्रियों में एसी बसों की मांग काफी अधिक बनी हुई है। हालांकि विभाग के सामने सबसे बड़ी समस्या चालकों की कमी बनी हुई है। रोडवेज वर्कशॉप परिसर में करीब 34 इलेक्ट्रिक एसी और डबल डेकर बसें खड़ी हैं, जिसके लिए चालक उपलब्ध नहीं हो रहे हैं। वहीं बसों के चार्जिंग प्वाइंट न होने के कारण इनके संचालन पर असर पड़ रहा है। जिससे परिवहन निगम को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। रोडवेज प्रशासन का दावा है कि जल्द ही चालक व्यवस्था को दुरुस्त कर खड़ी बसों का संचालन शुरू कराया जाएगा। इसके बाद प्रमुख शहरों और धार्मिक स्थलों के लिए एसी, इलेक्ट्रिक एसी और डबल डेकर बसों के अतिरिक्त चक्कर लगाए जाएंगे, जिससे यात्रियों को सुगम और आरामदायक यात्रा सुविधा मिल सकेगी।

परिक्षेत्र में संचालित रोडवेज बसें
-कुल बसों की संख्या-966
-निगम की बसें - 681
-अनुबंधित बसें-285
-एसी बसें -42

संबंधित समाचार