सपा विधायक का अनोखा विरोध, नंगे पांव, बिना शर्ट के पहुंचे पं. गणेश शंकर विद्यार्थी की प्रतिमा स्थाल, पूछा- मूर्ति कहां है, कब लगेगी

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कानपुर : स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पं. गणेश शंकर विद्यार्थी की प्रतिमा स्थापना को लेकर आर्यनगर विधायक अमिताभ बाजपेई ने अपना रक्त देकर पत्र लिखा। विधायक अमिताभ बाजपेई रविवार को भीषण गर्मी में नंगे पांव और बिना शर्ट के माल रोड स्थित पं. गणेश शंकर विद्यार्थी के चबूतरे पर पहुंचे। जहां प्रतिमा स्थापित होनी है, उसी स्थान पर बैठकर उन्होंने अपने रक्त से संदेश लिखा और शासन-प्रशासन व जनप्रतिनिधियों से सवाल किया कि आखिर विद्यार्थी जी की प्रतिमा कब लगेगी?

विधायक ने कहा, “सबसे दुर्भाग्यपूर्ण बात यह है कि पूरा चबूतरा और शेड बनकर तैयार है, लेकिन महीनों बीत जाने के बावजूद प्रतिमा अभी तक स्थापित नहीं की गई। यह केवल एक प्रतिमा का मुद्दा नहीं है, बल्कि कानपुर की अस्मिता, स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और शहर की आत्मा से जुड़ा प्रश्न है।” उन्होंने याद दिलाया कि पं. गणेश शंकर विद्यार्थी ने देश और समाज के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था। उनकी प्रतिमा को इतने समय तक उसके स्थान से दूर रखना पूरे शहर का अपमान है।

पहले भी उठाया था मुद्दा

विधायक अमिताभ बाजपेई ने बताया कि वे पहले ही जिलाधिकारी से मिल चुके हैं। एडीएम सिटी ने मौके का निरीक्षण भी किया था, फिर भी प्रतिमा स्थापना नहीं हो सकी। पूर्व में नरोना चौराहा पर धरना-प्रदर्शन कर मेट्रो प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया था, जिसमें एक माह के अंदर प्रतिमा स्थापित करने का आश्वासन मिला था, लेकिन अब तक केवल ढांचा तैयार हुआ है।

विधायक की मुख्य मांगें....

  1. माल रोड स्थित मेट्रो स्टेशन का नाम पं. गणेश शंकर विद्यार्थी मेट्रो स्टेशन रखा जाए।  
  2. विद्यार्थी जी की प्रतिमा तत्काल सम्मानपूर्वक स्थापित की जाए।  
  3. पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए।

इस मौके पर नीरज सिंह, हरी ओम पांडे, पार्षद रजत बाजपेई, चंकी गुप्ता, विकास गुप्ता, चेतन पांडे, आशीष पांडे, संस्कार खरे, हर्ष नागवंशी, प्रथम, आकाश समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। विधायक अमिताभ बाजपेई पिछले कई दिनों से बिना चप्पल और बिना शर्ट के अपने संकल्प के तहत आंदोलन कर रहे हैं।

संबंधित समाचार