यूएई के न्यूक्लियर प्लांट पर ड्रोन हमले से भारत चिंतित, कहा- यह बेहद खतरनाक, जताई गहरी चिंता
दिल्ली। भारत ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के बरकाह परमाणु संयंत्र पर हुए ड्रोन हमले को लेकर सोमवार को गहरी चिंता जताई और इसे हालात को खतरनाक दिशा में ले जाने वाला कदम करार दिया। नयी दिल्ली की यह प्रतिक्रिया घटना के एक दिन बाद आई है। एक दिन पहले खाड़ी देश के इकलौते परमाणु बिजली संयंत्र के पास एक जनरेटर पर ड्रोन हमले के कारण परिसर में आग गई थी। अब तक किसी ने भी इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
यूएई के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि वह ड्रोन हमले के स्रोत का पता लगाने में जुटा है। इस हमले ने पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ने की आशंका पैदा कर दी है। विदेश मंत्रालय ने कहा, ''भारत यूएई के बरकाह परमाणु संयंत्र को निशाना बनाए जाने पर गहरी चिंता व्यक्त करता है।'' मंत्रालय ने कहा, ''इस तरह के कृत्य अस्वीकार्य हैं और यह हालात को खतरनाक दिशा में ले जाने वाला कदम है। हम तत्काल संयम बरतने और बातचीत व कूटनीति की राह पर लौटने की अपील करते हैं।
