बाराबंकी : संकल्प दिवस के रूप में मनाई गई स्व. बी.एन. सिंह की पुण्यतिथि, पेंशनरों ने सरकार की नीतियों के खिलाफ आंदोलन का लिया संकल्प

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंकी, अमृत विचार। कर्मचारी मसीहा स्व. बी.एन. सिंह की पुण्यतिथि सोमवार को सेवा निवृत्त कर्मचारियों द्वारा संकल्प दिवस के रूप में मनाई गई। लखपेड़ाबाग चौराहा स्थित पेंशनर एसोसिएशन के जिला कार्यालय में दोपहर बाद आयोजित श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में बुजुर्ग पेंशनर शामिल हुए और बी.एन. सिंह अमर रहें के नारों से परिसर गूंज उठा। सभा में स्व. बी.एन. सिंह के कर्मचारी हित में किए गए संघर्षों को याद किया गया तथा सरकार की कर्मचारी एवं शिक्षक विरोधी नीतियों की आलोचना की गई।

इस अवसर पर सेवा निवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष बाबूलाल वर्मा ने कहा कि सरकार बुजुर्ग पेंशनरों की सुविधाएं बढ़ाने के बजाय उनमें कटौती कर रही है, जो चिंताजनक है। उन्होंने स्व. बी.एन. सिंह के संघर्षों को याद करते हुए कहा कि न्याय की लड़ाई में निरंतर संघर्ष आवश्यक है और अंततः न्याय अवश्य मिलता है।

इस दौरान जिलाध्यक्ष ने उपस्थित सदस्यों को संकल्प दिलाया कि 1-1-26 से पहले सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आठवें वेतन आयोग के विचार बिंदु से बाहर रखने, पुरानी पेंशन बहाली न होने तथा दस सूत्री मांगों की अनदेखी जैसी नीतियों के खिलाफ संगठन के सभी आंदोलन कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी की जाएगी।

सभा में जिला मंत्री अशोक सोनी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष ओमप्रकाश वर्मा, उपाध्यक्ष सर्वजीत यादव, मुन्नी सिंह, सुरेन्द्र कुमार वर्मा, सुशीला वाजपेई, राजेश कुमार गुप्ता, रामगोपाल चौधरी, शकुंतला मिश्रा सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे। शिक्षक प्रतिनिधि के रूप में माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष एस.पी. सिंह ने स्व. बी.एन. सिंह को महान नेता एवं सभी का पथ प्रदर्शक बताया।

संबंधित समाचार