युद्ध शहीदों की स्मृति में यूपी में बनेंगे नए स्मारक और शहीद द्वार, संस्कृति विभाग ने तैयार की कार्ययोजना, कई जिलों में धनराशि भी जारी

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : प्रदेश सरकार ने आजादी के बाद विभिन्न युद्धों में शहीद हुए सैनिकों की स्मृति को सहेजने के लिए जिलों में शहीद स्मारक और शहीद द्वार निर्माण की नई योजना शुरू की है। संस्कृति विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए इस संबंध में विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है और कुछ परियोजनाओं के लिए धनराशि भी जारी कर दी गई है।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि आगरा में वर्ष 1965 के भारत-पाक युद्ध में शहीद हुए बहादुर सिंह की स्मृति में स्मारक बनाया जाएगा। वहीं, मथुरा में कार्गिल वार के शहीद श्याम सुंदर बेनीवाल की स्मृति में स्मारक निर्माण प्रस्तावित है।

अयोध्या के पूरा बाजार विकासखंड के ग्राम भदौली खुर्द में अमर शहीद जगदंबा पांडेय द्वार एवं स्मारक निर्माण के लिए 19.13 लाख रुपये प्रस्तावित किए गए हैं। इसी प्रकार बुलंदशहर के शिकारपुर विकासखंड के ग्राम मामऊ में 1965 के युद्ध के शहीद प्रहलाद सिंह की स्मृति में 17.32 लाख रुपये की लागत से स्मारक बनाया जाएगा।

गाजीपुर के जखनिया विधानसभा क्षेत्र में अब्दुल हामिद की स्मृति में स्मारक निर्माण और सौंदर्यीकरण के लिए चालू वित्तीय वर्ष में एक करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। परियोजना के लिए निविदा प्रक्रिया जारी है। इसी प्रकार जालौन में शहीद श्याम सिंह सेंगर के स्मारक स्थल के निर्माण के लिए भी एक करोड़ रुपये प्रस्तावित किए गए हैं। कार्यदायी संस्था द्वारा निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

संबंधित समाचार