स्कूल-कॉलेज के गृहकर की आपत्तियाें का एक हफ्ते में होगा निस्तारण, महापौर और नगर आयुक्त ने अधिकारियों को दिए निर्देश
लखनऊ, अमृत विचार : शहर के स्कूलों एवं कॉलेजों से वसूले जा रहे जलकर एवं सीवर कर से संबंधित प्राप्त आपत्तियों के निस्तारण के लिए सोमवार को महापौर सुषमा खर्कवाल की अध्यक्षता में बैठक हुई। महापौर एवं नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूलों और कॉलेजों से संबंधित सभी आपत्तियों की सुनवाई एवं पुनरीक्षण की प्रक्रिया एक सप्ताह में की जाए। साथ ही नए कर निर्धारण के बाद वार्षिक मूल्य में संशोधन तत्काल अपडेट किया जाए।
नगर आयुक्त ने कहा कि प्रति दिन की प्रगति रिपोर्ट उन्हें उपलब्ध कराई जाए, जिससे आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया की नियमित निगरानी की जा सके। उन्होंने कहा कि सभी मामलों का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से समाधान किया जाए, जिससे शिक्षण संस्थानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त, जीएम जलकल कुलदीप सिंह, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अशोक सिंह सहित सभी जोनल अधिकारी उपस्थित रहे।
