हरदोई : कार और स्कूल बस में जोरदार टक्कर, 9 छात्र-छात्रायें घायल
हरदोई। उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार सुबह गंगा एक्सप्रेस-वे की सर्विस लेन पर एक सड़क हादसे में स्कूली बस चालक समेत नौ छात्र-छात्राएं घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब गलत दिशा से आ रही एक कार ने स्कूली बस को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।
टक्कर इतनी तेज थी कि बस में बैठे बच्चों के बीच चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी फैल गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों में लविश सिंह, रियांश, आयुष, दिव्या, अयांश, रुद्र सिंह, अंशी यादव, सूर्य कुमार और आयुषी शामिल हैं।
सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलग्राम भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है।
