Kanpur News : एक हजार करोड़ की एलिवेटेड सड़क का शिलान्यास करने गडकरी आयेंगे कानपुर

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

कानपुर। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी आगामी 25 मई को कानपुर में करीब एक हजार करोड़ की एलिवेटेड सड़क का शिलान्यास करेंगे। रामादेवी चौराहे से गोल चौराहे तक प्रस्तावित एलिवेटेड रोड परियोजना काे जाम की समस्या से त्रस्त कानपुर महानगर की यातायात व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। परियोजना के शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर कानपुर सांसद रमेश अवस्थी ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की।

इस दौरान सांसद ने कानपुर के लिए एलिवेटेड रोड परियोजना को स्वीकृति प्रदान किए जाने पर केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया। बैठक में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने 25 मई को कानपुर पहुंचकर परियोजना का विधिवत शिलान्यास करने की स्वीकृति दी। रामादेवी चौराहे से गोल चौराहे तक प्रस्तावित यह एलिवेटेड रोड शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में यातायात को सुगम बनाने में अहम भूमिका निभाएगी। वर्तमान में इस मार्ग पर भारी वाहनों और आम नागरिकों के अत्यधिक आवागमन के कारण लंबे जाम की समस्या बनी रहती है।

परियोजना पूरी होने के बाद लोगों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलने के साथ यात्रा समय में भी काफी कमी आएगी। सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में कानपुर तेजी से विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के विशेष सहयोग से शहर को आधुनिक यातायात सुविधाएं प्राप्त हो रही हैं।

उन्होंने कहा कि यह एलिवेटेड रोड परियोजना कानपुर के विकास में मील का पत्थर साबित होगी और इससे व्यापार, उद्योग तथा आम नागरिकों को व्यापक लाभ मिलेगा। सांसद ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में कानपुर को कई और बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात मिलेगी, जिससे शहर देश के प्रमुख विकसित महानगरों में शामिल होगा। 

संबंधित समाचार