बकरीद पर गोरखपुर में 24 घंटे चलेगा विशेष सफाई अभियान, नगर आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश
गोरखपुर। आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के लिए गोरखपुर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को नगर निगम सभागार में महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर की सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में नगर आयुक्त अजय जैन, अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार, अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार सहित नगर निगम के अधिकारी एवं पार्षद उपस्थित रहे।
महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि बकरीद जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर शहर की स्वच्छता व्यवस्था किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कहीं भी गंदगी या कचरे का ढेर न लगे। उन्होंने कहा कि नगर निगम की जिम्मेदारी है कि नागरिकों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
नगर आयुक्त अजय जैन ने बैठक में विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए बताया कि बकरीद के मद्देनजर शहर के संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष साफ-सफाई की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि कचरा उठान के लिए अतिरिक्त वाहन लगाए जाएंगे तथा सफाई कर्मियों की ड्यूटी भी बढ़ाई जाएगी, ताकि समय पर कचरे का निस्तारण सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने सभी जोनल एवं वार्ड स्तर के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार एवं प्रमोद कुमार ने बताया कि प्रमुख बाजारों, ईदगाहों और नमाज स्थलों के आसपास विशेष सफाई व्यवस्था की जाएगी। साथ ही जिन स्थानों पर पशु कुर्बानी की संभावना है, वहां अतिरिक्त सफाई कर्मियों और संसाधनों की तैनाती की जाएगी, ताकि तत्काल सफाई सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में पार्षदों ने भी अपने-अपने वार्डों की समस्याएं उठाईं और सफाई व्यवस्था को लेकर सुझाव दिए। कुछ पार्षदों ने कई क्षेत्रों में नियमित सफाई नहीं होने की शिकायत की, जिस पर नगर आयुक्त ने आश्वासन दिया कि सभी शिकायतों का तत्काल समाधान किया जाएगा तथा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। महापौर ने निर्देश दिया कि बकरीद के दौरान स्वच्छता के साथ-साथ स्वास्थ्य और सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा जाए।
उन्होंने कहा कि कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण पर विशेष जोर दिया जाए तथा संक्रमण फैलने की किसी भी आशंका को समाप्त करने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जाए। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि बकरीद के दिन और उसके बाद कुछ दिनों तक 24 घंटे विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए नगर निगम कंट्रोल रूम को सक्रिय रखा जाएगा, जहां से पूरे शहर की निगरानी की जाएगी। नागरिकों से भी सफाई व्यवस्था में सहयोग करने और कचरा इधर-उधर न फैलाने की अपील की जाएगी। नगर आयुक्त अजय जैन ने कहा कि सभी अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने तथा किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि बकरीद के दौरान स्वच्छता व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार ने बताया कि ड्रेनेज सिस्टम की भी विशेष सफाई कराई जा रही है, ताकि बारिश की स्थिति में जलभराव की समस्या न हो।
वहीं, अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार ने कहा कि कचरा निस्तारण स्थलों पर भी अतिरिक्त इंतजाम किए जा रहे हैं, जिससे कचरे का समय पर निपटान सुनिश्चित हो सके। महापौर ने अंत में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि बकरीद जैसे पर्व पर नगर निगम की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है और सभी को मिलकर शहर को साफ-सुथरा एवं व्यवस्थित बनाए रखना होगा।
