Jaunpur News : जौनपुर डीएम की बड़ी पहला, काफिले से हटाया एस्कॉर्ट वाहन

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में ऊर्जा संरक्षण और ईंधन बचत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने अपने काफिले से एस्कॉर्ट वाहन हटाकर एक नई पहल की शुरुआत की है। आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी ने ईंधन संरक्षण की मुहिम को व्यवहारिक रूप देने के लिए स्वयं अनुशासन का परिचय देते हुए अपने काफिले में शामिल एस्कॉर्ट वाहन को हटा दिया है। 

इस निर्णय का उद्देश्य सरकारी ईंधन की खपत को कम करना और प्रशासनिक स्तर पर संसाधनों के संयमित उपयोग को प्रोत्साहित करना है। जिलाधिकारी ने जिले के सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया है कि सरकारी वाहनों का अनावश्यक उपयोग न किया जाए तथा शासकीय कार्यों में न्यूनतम वाहनों का प्रयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय, तहसील और ब्लॉक स्तर पर यदि चार वाहन उपलब्ध हों तो आवश्यकता के अनुसार एक ही वाहन का उपयोग किया जाए। 

उन्होंने अधिकारियों को अधिकतम बैठकों का आयोजन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग माध्यम से करने तथा अनावश्यक बैठकों और क्षेत्र भ्रमण में वाहनों के उपयोग से बचने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रशासनिक कार्यों में डिजिटल और वर्चुअल माध्यमों के अधिकाधिक उपयोग पर भी जोर दिया गया है।

जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने आमजन से भी इस पहल से प्रेरणा लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करें, जिससे ईंधन संरक्षण के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिल सके। 

संबंधित समाचार