गाजियाबाद : जमानत पर रिहा हुआ रेप का आरोपी, तो समर्थकों ने निकाला जुलूस, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ/गाजियाबाद। एलएलबी की छात्रा से कथित बलात्कार के मामले के आरोपी सुशील प्रजापति के गाजियाबाद की डासना जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद समर्थकों द्वारा निकाले गए जुलूस को लेकर पुलिस ने नया मामला दर्ज किया है। पुलिस ने इसकी जानकरी दी। पुलिस के अनुसार, अगस्त 2025 में दर्ज मामले में करीब आठ महीने जेल में रहने के बाद प्रजापति 17 मई को जमानत पर रिहा हुआ और उसकी रिहाई के बाद बड़ी संख्या में समर्थक जेल के बाहर जुटे और उस पर फूलों की पंखुड़ियां बरसाईं।

उन्होंने कहा इस दौरान समर्थकों ने उसे कंधों पर उठाकर नारेबाजी की और वाहनों का काफिला निकालते हुए जुलूस भी निकाला। अधिकारियों का कहना है कि जुलूस के कारण यातायात प्रभावित हुआ और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मसूरी थाने में प्रजापति और 10 से 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। मसूरी थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर जुलूस में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। पहचान होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के मुताबिक, एलएलबी छात्रा ने 8 अगस्त 2025 को मुरादनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। छात्रा का आरोप था कि प्रजापति ने उसे नशीला पदार्थ मिला कोल्ड ड्रिंक पिलाकर एक फ्लैट में दुष्कर्म किया और घटना के बारे में किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। उन्होंने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था और बाद में 20 अगस्त 2025 को उसे गिरफ्तार कर लिया गया था। पुलिस ने कहा कि मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। 

संबंधित समाचार