अमेठी: राहुल गांधी प्रधानमंत्री को गाली देते हैं और देश में भ्रम फैला रहे- स्मृति ईरानी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमेठी (उप्र)। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने शुक्रवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में रायबरेली से भी गांधी परिवार की विदाई हो जाएगी। अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी के तीन दिवसीय दौरे पर यहां आईं ईरानी ने आज दूसरे दिन उत्तर प्रदेश के …

अमेठी (उप्र)। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने शुक्रवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में रायबरेली से भी गांधी परिवार की विदाई हो जाएगी। अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी के तीन दिवसीय दौरे पर यहां आईं ईरानी ने आज दूसरे दिन उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के साथ नवोदय विद्यालय, गौरीगंज में 79.59 करोड़ रुपये लागत की 67 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।

कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय मंत्री सांसद अमेठी स्मृति जुबिन इरानी, जनपद प्रभारी मंत्री मोहसिन रजा, राज्यमंत्री श्री सुरेश पासी, जिलाधिकारी अरुण कुमार, विधायक तिलोई मयंकेश्वर शरण सिंह, विधायक अमेठी गरिमा सिंह, जिलाध्यक्ष अमेठी दुर्गेश त्रिपाठी, उपाध्यक्ष गिरीश चंद्र शुक्ला, व्यापार प्रकोष्ठ अध्यक्ष पंडित राम उजेरे शुक्ला ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई के चित्र पर पुष्प अर्पित कर शुभारंभ किया। ईरानी ने इस अवसर पर कहा, ”राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को गाली देते हैं और देश में भ्रम फैला रहे हैं तथा झूठा प्रचार कर रहे हैं।”

उन्होंने पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष पर किसानों की जमीन हड़पने और उनका हक छीनने का आरोप लगाते हुए कहा कि सोने के महल में रहने वाले किसानों का दर्द कैसे समझेंगे। ईरानी ने कहा कि अमेठी से गांधी परिवार की विदाई हो चुकी है और 2024 में रायबरेली से भी उसकी विदाई हो जाएगी। उल्लेखनीय है कि रायबरेली लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी करती हैं।

ईरानी ने कहा, ”गांधी खानदान से किसी सामान्य घर की महिला के लिए लड़ना आसान नहीं था। मैंने बहुत अपमान झेला है और गाली सुनी है, लेकिन जनता के प्यार से आज मैं यहां सांसद के रूप मे खड़ी हूं।”

ईरानी ने आरोप लगाया कि गांधी परिवार और राहुल गांधी ने जानबूझकर अमेठी में किसानों तथा गरीबों को और अधिक गरीबी की ओर धकेलने का काम किया ताकि उनकी राजनीति यहां चलती रहे। उन्होंने गांधी परिवार पर तंज कसते हुए कहा, ”जिन्होंने कभी गरीबी नहीं देखी, वे गरीबों का दर्द क्या जानेंगे। उन्हें तो दो ‘सीजनी फसलों’ का नाम भी पता नहीं होगा।”

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री सांसद ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार गरीबों, किसानों के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की हैं जिनका उन्हें शत प्रतिशत लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने नहरों की सिल्ट सफाई कर किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने का कार्य किया है। केंद्र व प्रदेश सरकार ने गरीब, किसानों को निशुल्क विद्युत कनेक्शन, गैस कनेक्शन, आवास, शौचालय सहित समस्त मूलभूत सुविधाएं प्रदान की गई हैं।

उन्होंने कहा कि अमेठी में ट्रामा सेंटर, 132 केवी विद्युत सब स्टेशन, सैनिक स्कूल जैसे महत्वपूर्ण निर्माण कार्य कराए गए हैं। आयुष्मान योजना के अंतर्गत गरीबों को साल में 5 लाख तक मुफ्त इलाज की सुविधा दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जनपद अमेठी में 660000 लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाने के साथ ही 132000 गोल्डन कार्ड बनाए गए हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना अंतर्गत किसानों को 2000 रूपया की तिमाही किस्त दी जा रही है।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ने संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार के नेतृत्व में प्रदेश सहित जनपद अमेठी में सड़कों का जाल बिछाया गया है, लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़कों को गड्ढा मुक्त, नवीनीकरण व सुदृढ़ीकरण का कार्य लगातार किया जा रहा है, इसके साथ ही सेतु का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हाईस्कूल इंटरमीडिएट में टॉप 20 तक के बच्चों के घर तक डॉ एपीजे अब्दुल कलाम गौरव पथ के नाम से सड़क बनवाने का कार्य किया जा रहा है साथ ही खिलाड़ियों व शहीदों के घर तक भी सड़क बनाने का कार्य किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान सांसद व उपमुख्यमंत्री ने 35 दिव्यांगों को कृत्रिम उपकरण वितरित किए, जिसमें 15 दिव्यांगों को ट्राई साइकिल, 10 दिव्यांगों को बैसाखी, 5 दिव्यांगों को कान की मशीन व 5 दिव्यांगों को छड़ी दी गई, इसके साथ ही 17 लाभार्थियों को 213 लाख का ऋण स्वीकृति का चेक दिया गया।

कार्यक्रम में जिला प्रशासन द्वारा प्रकाशित विकास पुस्तिका का विमोचन किया गया। जिलाधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि विकास पुस्तिका में वर्ष 2019-20 से अब तक गत 1 वर्ष तक के विकास कार्यों का पूर्ण समावेश किया गया है, जन सामान्य उक्त विकास पुस्तिका के माध्यम से शासन द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने के साथ ही जनपद में कराए गए विकास कार्यों से अवगत हो सकते हैं।

कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर रमेश सिंह ने किया। कार्यक्रम में उक्त के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अंकुर लाठर, अपर जिलाधिकारी वंदिता श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक दयाराम सरोज, उप जिलाधिकारी गौरीगंज संजीव कुमार मौर्य, अधिशासी अभियंता लोनिवि राकेश चौधरी सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि व भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।

संबंधित समाचार