Uttrakhand News: पंतनगर की नई उड़ान...पहली जुलाई से जेवर एयरपोर्ट के लिए शुरू होगी हवाई सेवा

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

पंतनगर, अमृत विचार। पंतनगर से नोएडा (यूपी) के जेवर हवाईअड्डे के लिए पहली जुलाई से उड़ानों का संचालन शुरू हो रहा है। इस हवाई मार्ग पर इंडिगो एयरलाइंस अपनी उड़ाने संचालित करने के लिए तैयार है। जिसके लिए उसने भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण को टेंटेटिव शेड्यूल सौंप दिया है।

प्राधिकरण को सौंपा प्रस्ताव
जेवर हवाई अड्डे के शुरू होते ही यहां से देश के विभिन्न महानगरों के लिए उड़ानों का संचालन शुरू होना है। इसी क्रम में देश की प्रमुख हवाई सेवा प्रदाता कंपनी इंडिगो एयरलाइंस ने गाजियाबाद (जेवर) से पंतनगर के बीच उड़ान संचालित करने का बीड़ा उठाया है। उन्होंने भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण को इस हवाई मार्ग पर पहली जुलाई से उड़ानें संचालित करने संबंधी टेंटेटिव प्रस्ताव सौंपा है।

पंतनगर से गाजियाबाद 50 मिनट में
यदि सबकुछ ठीक रहा तो जुलाई से कुमाऊं वासियों को इस हवाई सेवा की सौगात मिल सकती है। कंपनी इस हवाई मार्ग पर साधारण किराए में एटीआर-78 (78 सीटर) विमान का संचालन करेगी। जो पंतनगर से गाजियाबाद की दूरी लगभग 50 मिनट में तय करेगा। हवाई सेवा के माध्यम से इन दो प्रमुख शहरों के जुड़ने से कुमाऊं वासियों को राहत मिलने के साथ ही कुमाऊं में पर्यटन को भी पंख लग जाएंगे।

दिल्ली-पंतनगर के बीच बंद होगी एक उड़ान
पंतनगर: वर्तमान में दिल्ली-पंतनगर के बीच इंडिगो की दो उड़ानें संचालित हैं। शेड़यूल के अनुसार पहली जुलाई से दिल्ली-पंतनगर के बीच मात्र (सुबह वाली) एक ही उड़ान संचालित होगी, जबकि दूसरी उड़ान (सायंकालीन) बंद कर दी जाएगी। वहीं नोएडा-पंतनगर के बीच दो उड़ानें संचालित होंगी।

पहली जुलाई से उड़ानों का यह होगा शेड़यूल

समय                  प्रस्थान                  समय                   आगमन  

07.20                  दिल्ली                  08.10                   पंतनगर
08.30                  पंतनगर                 09.20                    दिल्ली
09.10                  नोएडा                  10.00                   पंतनगर
10.20                  पंतनगर                 11.10                    नोएडा
12.50                  नोएडा                  13.40                    पंतनगर
14.00                  पंतनगर                 14.50                    नोएडा  

जानिए क्या बोले अधिकारी
पंतनगर एयरपोर्ट के डायरेक्टर पवन कुमार ने बताया कि जेवर हवाईअड्डे से उड़ानों के संचालन में देरी से पंतनगर-नोएडा के बीच नई उड़ानें नहीं शुरू हो पा रही है। हवाई सेवा प्रदाता कंपनी इंडिगो ने इस हवाई मार्ग पर पहली जुलाई से सेवाएं शुरू करने के लिए टेंटेटिव शेड़यूल सौंपा है। इन उड़ानों के शुरू होने से यात्रियों को काफी सहूलियत होगी और कुमाऊं में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

संबंधित समाचार