Padma Awards: राष्ट्रपति ने स्व. धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण से किया सम्मानित, CM योगी बोले- सिनेमा जगत के लिए गौरव का क्षण

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज राष्ट्रपति भवन में सुप्रसिद्ध अभिनेता स्व. धर्मेंद्र सिंह देओल को कला क्षेत्र में उनके विशिष्ट एवं अतुलनीय योगदान के लिए पद्म विभूषण (मरणोपरांत) प्रदान किया। यह पुरस्कार उनकी पत्नी भारतीय जनता पार्टी की सांसद और  अभिनेत्री हेमा मालिनी ने ग्रहण किया।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर  लिखा, “मा. राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी द्वारा आज नई दिल्ली में कला के क्षेत्र में विशिष्ट एवं अतुलनीय योगदान हेतु सुप्रसिद्ध अभिनेता स्व. धर्मेन्द्र सिंह देओल जी को ‘पद्म विभूषण’ (मरणोपरांत) से सम्मानित किया जाना भारतीय सिनेमा जगत के लिए अत्यंत गौरव का क्षण है।”

सीएम योगी ने आगे कहा कि अपनी सशक्त अभिनय शैली और सरल व्यक्तित्व से दशकों तक जनमानस के हृदय पर अमिट छाप छोड़ने वाले धर्मेंद्र जी ने भारतीय फिल्म जगत को नई ऊंचाइयां दीं। यह सम्मान उनके अद्वितीय योगदान को राष्ट्र की विनम्र श्रद्धांजलि है।

बता दें इस साल जनवरी में घोषित पद्म पुरस्कारों में कुल 131 हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा, जिनमें 5 पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री शामिल हैं। इनमें से 66 हस्तियों को आज राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया जा रहा है। धर्मेंद्र सिंह देओल को इस वर्ष का पहला पद्म विभूषण सम्मान प्रदान किया गया है। कला क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान के लिए उन्हें यह सर्वोच्च नागरिक सम्मान दिया गया। यह सम्मान उनकी पत्नी और अभिनेत्री हेमा मालिनी ने ग्रहण किया।

संबंधित समाचार