World Menstrual Hygiene Day : संक्रमण से बचने को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता का ध्यान रखें
विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस पर अर्बन हेल्थ सेंटर पर हुआ जागरूकता कार्यक्रम
बरेली, अमृत विचार। विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस पर रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज एंड हास्पिटल के सामुदायिक चिकित्सा विभाग की ओर से बुधवार को रामपुर गार्डन स्थित अर्बन हेल्थ सेंटर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें किशोरियों व महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता के महत्व, इससे जुड़े स्वास्थ्य जोखिमों, सुरक्षित एवं स्वच्छ व्यवहार के प्रति जागरूक किया।
विशेषज्ञों ने बताया कि मासिक धर्म एक प्राकृतिक जैविक प्रक्रिया है, लेकिन जागरूकता और स्वच्छता की कमी के कारण अनेक महिलाएं संक्रमण, एनीमिया एवं प्रजनन स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करती हैं। बताया कि अस्वच्छ सैनिटरी सामग्री का उपयोग करने व समय पर उसे न बदलने से यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन , प्रजनन तंत्र संक्रमण एवं त्वचा संबंधी रोगों का खतरा बढ़ जाता है। मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखना महिलाओं के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। लंबे समय तक एक ही सैनिटरी पैड या कपड़े का उपयोग संक्रमण का कारण बन सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार स्वच्छ सैनिटरी पैड का उपयोग करें, हर 4–6 घंटे में पैड बदलें, स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। डॉ. रश्मि कत्याल, विभागाध्यक्ष सामुदायिक चिकित्सा विभाग, डॉ. घोष अहमद, डॉ. अनु शर्मा, डॉ. सैजनी यादव, डॉ. अनिकेत शुक्ला, अमित कुमार, एमएसडब्ल्यू विवेक कुमार मिश्रा, सीता, सरला देवी, सुशीला, सुषमा, कविता सिंह मौजूद रहीं।
