Bareilly : बिजली संकट के बीच खतरे में कर्मचारियों की सुरक्षा

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

संवेदनशील उपकेंद्रों-कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चीफ इंजीनियर ने एसएसपी को लिखा पत्र

बरेली, अमृत विचार। भीषण गर्मी के बीच लगातार बढ़ते बिजली संकट और ओवरलोडिंग की घटनाओं के बीच अब बिजली कर्मचारियों और उपकेंद्रों की सुरक्षा का मुद्दा अधिकारियों को सताने लगा है। मुख्य अभियंता ने एसएसपी अनुराग आर्य को पत्र लिखकर शहर के कई संवेदनशील बिजली घरों के आसपास पुलिस गश्त बढ़ाने और अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात करने की मांग की है।

बढ़ते बिजली संकट के बीच बिजली विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने एसएसपी को पत्र भेजकर बिजली कर्मचारियों, अधिकारियों और उपकेंद्रों पर तैनात एसएसओ की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने आशंका व्यक्त की है कि लगातार बिजली कटौती और फाल्ट की घटनाओं से नाराज कुछ असामाजिक तत्व कर्मचारियों के साथ मारपीट कर सकते हैं और सरकारी संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा सकते हैं। मुख्य अभियंता ने पत्र में कहा है कि भीषण गर्मी के चलते बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है। ट्रांसफार्मरों और लाइनों पर अत्यधिक लोड होने के कारण अधिकारी और कर्मचारी दिन-रात फील्ड में रहकर व्यवस्था संभाल रहे हैं। ऐसे माहौल में कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद जरूरी हो गया है।

उन्होंने शहर के कई बिजली घरों को संवेदनशील श्रेणी में बताते हुए वहां विशेष पुलिस निगरानी की मांग की है। इनमें सुभाषनगर, मढ़ीनाथ, कुतुबखाना, जगतपुर, हरुनगला, पवन विहार और किला बिजली घर प्रमुख रूप से शामिल हैं। मुख्य अभियंता ने इन उपकेंद्रों और आसपास के क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने के साथ कुछ स्थानों पर स्थायी पुलिस बल तैनात करने का भी अनुरोध किया है। बिजली विभाग के इस पत्र के बाद प्रशासनिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है। लगातार बिगड़ रही बिजली व्यवस्था और उपभोक्ताओं के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए विभाग अब किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पहले से तैयारी में जुट गया है।

बिजली कर्मचारियों और उपकेंद्रों की सुरक्षा के लिहाज से एसएसपी को पत्र लिख कर बिजली घरों और आस-पास पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की गई है। पत्र में शहर के सबसे संवेदनशील बिजली घरों को भी चिन्हित किया गया है ताकि कोई अप्रिय स्थिति न बने । - ज्ञान प्रकाश, मुख्य अभियंता।

संबंधित समाचार