Bulandshahr News : नमाज को लेकर पुलिस से भिड़े सपा के पूर्व विधायक, CO ने हाथ जोड़कर लोगों से की शांति की अपील
बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के जहांगीराबाद क्षेत्र स्थित ईदगाह मस्जिद के बाहर नमाज को लेकर हुए विवाद के दौरान समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक होशियार सिंह और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। बाद में पुलिस अधिकारियों के हस्तक्षेप से मामला शांत कराया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ईदगाह मस्जिद के बाहर कुछ नमाजियों ने पूर्व विधायक होशियार सिंह और जिला पंचायत सदस्य सुनील चरोरा से शिकायत की कि पुलिस उन्हें नमाज अदा करने से रोक रही है। इस पर पूर्व विधायक ने पुलिस प्रशासन, विशेषकर क्षेत्राधिकारी विकास चौहान पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई।
बताया गया कि विवाद के दौरान पूर्व विधायक, जिला पंचायत सदस्य और क्षेत्राधिकारी के बीच काफी देर तक तीखी बहस हुई। इस दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी और हंगामा शुरू कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया।
क्षेत्राधिकारी विकास चौहान ने हाथ जोड़कर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की, जिसके बाद मामला शांत हो गया। पूर्व विधायक होशियार सिंह और जिला पंचायत सदस्य सुनील चरोरा ने आरोप लगाया कि क्षेत्राधिकारी ने लोगों को ईद की नमाज अदा नहीं करने दी, जिससे लोगों में नाराजगी फैल गई।
वहीं क्षेत्राधिकारी विकास चौहान ने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि पूर्व विधायक द्वारा लोगों को उकसाने और माहौल खराब करने का प्रयास किया जा रहा था। पुलिस प्रशासन के अनुसार स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
