मौसम विभाग का अलर्ट जारी : यूपी, दिल्ली, बिहार समेत 15 राज्यों के लिए बारिश-तूफान की चेतावनी

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

-मौसम विभाग का रेड अलर्ट, 31 मई तक तेज आंधी, बारिश और वज्रपात की चेतावनी -कई जिलों में 90 से 100 किमी प्रति घंटा तक चल सकती हैं हवाएं, लू से मिलेगी राहत

भीषण गर्मी से झुलस रहे उत्तर प्रदेश में अब मौसम बड़ा करवट लेने जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने गुरुवार शाम से 31 मई तक तेज आंधी-तूफान, ओलावृष्टि और भारी बारिश को लेकर रेड वार्निंग जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और पुरवा हवाओं के असर से प्रदेश में व्यापक मौसम बदलाव होगा, जिससे तापमान में 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।

मौसम विभाग ने गुरुवार को जारी बुलेटिन में चेताया है कि कई जिलों में 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि झोंकों में गति 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। पश्चिमी यूपी के सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, आगरा, मथुरा, बरेली, रामपुर और पीलीभीत समेत कई जिलों में भारी बारिश और ओलावृष्टि का खतरा अधिक बताया गया है।

पूर्वी यूपी में लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, अयोध्या, बस्ती, देवरिया और आसपास के जिलों में भी तेज आंधी, वज्रपात और झोंकेदार हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान घरों में रहने और पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे शरण न लेने की सलाह दी है। मौसम विभाग के अनुसार 29 मई से प्रदेश में लू की स्थिति पूरी तरह समाप्त हो सकती है। हालांकि 28 मई को बुंदेलखंड के कुछ जिलों में हीट वेव की स्थिति बनी रह सकती है।

इन जिलों में सबसे ज्यादा अलर्ट

सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद, आगरा, मथुरा, बरेली, रामपुर, पीलीभीत, झांसी, महोबा, लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर और आसपास के जिले।

बाक्स

मौसम विभाग की लोगों को सलाह

• खराब मौसम में घरों के अंदर रहें

• बिजली उपकरणों को अनप्लग रखें

• पेड़ों और कमजोर ढांचों से दूर रहें

• खेतों और खुले स्थानों में जाने से बचें

• पर्याप्त पानी पीएं और खुद को हाइड्रेट रखें

कृषि अलर्ट

तेज हवा, ओलावृष्टि और भारी बारिश से गन्ना, मक्का, मूंग, उड़द, सब्जियों और आम-केला जैसी फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। किसानों को खेतों में जल निकासी और फसलों को सहारा देने की सलाह दी गई है।

दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट जारी 

दिल्ली में बृहस्पतिवार शाम हुई बारिश के कारण लोगों को भीषण गर्मी से शुक्रवार सुबह कुछ राहत मिली और न्यूनतम तापमान एक दिन पहले दर्ज 28.4 डिग्री सेल्सियस से घटकर 25.3 डिग्री सेल्सियस रह गया। मौसम संबंधी आंकड़ों से यह जानकारी मिली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। विभाग ने दोपहर और शाम के समय बारिश होने, बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। 

इन इलाकों में कैसा रहगी तापमान 

आईएमडी के केंद्रवार आंकड़ों के अनुसार, शहर के मानक केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.3 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान पालम में 24.1 डिग्री सेल्सियस, रिज में 24 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ये सभी सामान्य से लगभग दो डिग्री सेल्सियस कम हैं। आईएमडी के अनुसार, लोधी रोड में न्यूनतम तापमान में खास बदलाव नहीं आया और यह 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

इस बीच, शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटों में सफदरजंग में चार मिलीमीटर, पालम में 4.3 मिलीमीटर और आयानगर में 3.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। लोधी रोड में नाममात्र बारिश हुई, जबकि रिज में इस अवधि के दौरान बारिश दर्ज नहीं की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, सुबह नौ बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 142 दर्ज किया गया जो 'मध्यम' श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के अनुसार, एक्यूआई को शून्य से 50 के बीच 'अच्छा', 51 से 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच 'मध्यम', 201 से 300 के बीच 'खराब', 301 से 400 के बीच 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच 'गंभीर' माना जाता है।

तमिलनाडु में भारी बारिश का पूर्वानुमान

तमिलनाडु में गर्मी का चरम दौर समाप्त होने के बाद राज्य के 15 से अधिक जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। गर्मी के चरम चरण को 'अग्नि नक्षत्रम' कहा जाता है जो चार मई से 28 मई तक था। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा यहां जारी ताजा बुलेटिन में कहा गया है कि बृहस्पतिवार तक ऊष्ण लहर की स्थिति बनी रही और चेन्नई सहित 10 से अधिक जिलों में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। 

आईएमडी ने शुक्रवार से अगले 24 घंटों के दौरान कोयंबटूर, डिंडीगुल, थेनी, नीलगिरि, करूर, इरोड, नमक्कल, तिरुपत्तूर, तिरुप्पुर, सेलम, तिरुचिरापल्ली, तंजावुर, तिरुवन्नामलाई, कृष्णागिरि और धर्मपुरी जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। विभाग ने 31 मई से तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने के भी संकेत दिए हैं। पिछले 24 घंटों में कन्याकुमारी के नेय्यूर में सर्वाधिक (छह सेंटीमीटर) बारिश दर्ज की गई और इसके बाद तिरुप्पुर जिले के अविनाशी में चार सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

राजस्थान के कई इलाकों में तेज अंधड़ की चेतावनी 

राजस्थान में एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से कई इलाकों में तेज अंधड़ आने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है जिससे लोगों को कई दिन की भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से आगामी दिनों में राज्य के कुछ भाग में तेज आंधी बारिश की गतिविधियां शुरू होने की पूरी संभावना है। 

इससे आज शुक्रवार को बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा संभाग के कुछ भाग में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़ चलेगा और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। विक्षोभ का सर्वाधिक प्रभाव 30 से 31 मई को रहेगा। इस दौरान बीकानेर, जोधपुर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर संभाग के कुछ भाग में वज्रपात, 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने तथा कहीं-कहीं तेज बारिश होने का अनुमान है। 

राज्य के कुछ भाग में आंधी-बारिश की गतिविधियां जून के पहले सप्ताह में भी जारी रहेंगी। मौसम विभाग का कहना है कि आंधी बारिश के प्रभाव से आगामी दिनों में तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने व 30 मई से लू से राहत मिलने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि लगभग समूचा राजस्थान पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी की चपेट में है जहां बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान सीमावर्ती गंगानगर जिले में 47.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

मौसम विभाग ने जारी किया इस साल बारिश का अनुपात  

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को कहा कि इस वर्ष भारत में दक्षिण-पश्चिम मानसून के दौरान मौसमी वर्षा दीर्घकालिक औसत का 90 प्रतिशत रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वोत्तर भारत में इस मानसून में सामान्य वर्षा होने की संभावना है, जबकि देश के बाकी हिस्सों में सामान्य से कम बारिश हो सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने ये आकलन दक्षिण-पश्चिम मानसून के अपने दूसरे पूर्वानुमान में किए हैं। इससे पहले 13 अप्रैल को जारी अपने पहले पूर्वानुमान में मौसम विभाग ने कहा था कि इस मानसून में भारत में दीर्घकालिक औसत की 92 प्रतिशत बारिश होने की संभावना है।

मानसून की बारिश सामान्य से कम

देश के अधिकांश हिस्सों में 'सामान्य से कम' रह सकती है बारिश  मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने साल 2026 के दक्षिण-पश्चिम मानसून (जून से सितंबर) के लिए अपना दूसरा दीर्घकालिक अनुमान शुक्रवार को जारी कर दिया। इसके अनुसार देश के प्रमुख कई हिस्सों में इस साल मानसून की बारिश सामान्य से कम रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार देश में मानसून दीर्घावधि अनुमान के 90 प्रतिशत रह सकता है। यह स्थिति सामान्य से कम मानसून को दर्शाती है। विभाग के अनुसार इस प्रतिशत में चार प्रतिशत घट बढ़ हो सकता है। 

मौसम विभाग ने यहां बताया कि उत्तर-पूर्वी भारत में मानसून की स्थिति सामान्य रहने का अनुमान है, जहां दीर्घावधि औसत की 94 से 106 प्रतिशत तक बारिश हो सकती है। जबकि उत्तर-पश्चिमी भारत में समग्र रूप से बारिश सामान्य से कम (दीर्घावधि औसत के 92 प्रतिशत से भी कम) रहने की आशंका है। इसके अलावा मध्य भारत में भी मानसून की रफ्तार सुस्त रह सकती है और यहां बारिश सामान्य से कम ( दीर्घावधि औसत के 94 प्रतिशत से कम) रहने का पूर्वानुमान है।

दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के इस क्षेत्र में भी मानसून की स्थिति सामान्य से कम (दीर्घावधि औसत के 94 प्रतिशत से नीचे) रह सकती है। मौसम विभाग के अनुसार देश का 'मानसून कोर जोन' जिसमें देश के अधिकांश वर्षा-आधारित कृषि क्षेत्र शामिल हैं, वहां इस साल मानसून सामान्य से कम दीर्घावधि औसत के 94 प्रतिशत रहने की सबसे अधिक संभावना है। मौसम विभाग ने यह दूसरा पूर्वानुमान जून से सितंबर के चार महीनों की अवधि को ध्यान में रखकर जारी किया है। पहला पूर्वानुमान 13 अप्रैल को जारी किया था। इसमें भी मौसम विभाग ने कहा था कि साल 2026 का मानसून सामान्य से कम या कमजोर रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार देश में तापमान सामान्य से अधिक बना रह सकता है।

 

ये भी पढ़ें  : 
Saharanpur Crime News: पुलिस मुठभेड़ में ढेर हुआ गोकश, सहारनपुर में इनामी हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार 
पीएम मोदी से मिले तमिलनाडु के सीएम विजय, जानिए किन मुद्दों पर हुई बात  

संबंधित समाचार