Bareilly : दिन में तपिश, रात में बारिश..मौसम ने दिखाए अजब-गजब रंग

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

पारा 40 पार होने से दिन में गर्मी ने सताया, रात में बरसात से तापमान पहुंचा 28 डिग्री पर

बरेली, अमृत विचार। दिन में सूरज ने आग उगली और रात में मौसम कूल-कूल…। मौसम का मिजाज गुरुवार को कुछ ऐसा रहा। दोपहर और उसके बाद पारा 40 पार चढ़ा रहा और रात होने के बाद जैसे ही चमक-गरज और तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, तापमान धड़ाम से नीचे आ गया। रात 2 बजे बरेली का तापमान 28 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे भी इसी तरह से उतार-चढ़ाव का पूर्वानुमान जताया है। दिन और रात में बारिश राहत दे सकती है मगर बीच बीच में तेज धूप उमस की आफत का एहसास भी करा सकती है।

रात में अचानक मौसम का मिजाज बदलने से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली। देर रात शहर के कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी और ठंडी हवाएं चलने से मौसम सुहाना हो गया। दिनभर तेज धूप से परेशान लोग रात के समय घरों से बाहर निकलकर ठंडी हवा का आनंद लेते नजर आए। नौतपा प्रभाव के बीच कई दिन से बरेली और आसपास के इलाके भीषण गर्मी का प्रकोप झेलते नजर आ रहे हैं। दोपहर में अत्यधिक गर्मी और हीट बेव की वजह से सड़कों पर सन्नाटे के हालात दिखते हैं। ज्यादा गर्मी की वजह से अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। रात में जिस तरह से मौसम के तेवर ठंडे हुए, उससे सभी ने राहत की सांस जरूर ली है। शुक्रवार को मौसम की भविष्यवाणी ने भी गर्मी से निजात की उम्मीद जताई है।

मोबाइल पर तूफान-ओलवृष्टि के अलर्ट से उड़ी नींद
बरेली। रात में 10-25 बजे अचानक राज्य मौसम विभाग की ओर से सभी के मोबाइल पर तूफान का इमरजेंसी अलर्ट भेजा गया। एक ही समय सबके मोबाइल पर आपात घंटी बजीं। संदेश में बताया गया कि आपके जिले में अगले 24 घंटे में कुछ स्थानों पर गरज के साथ तूफान, हवा की गति 70-80 किमी लेकर प्रति घंटा तक हो सकती है। ओलवृष्टि की भी संभावना है। मौसम विभाग के अलर्ट ने सबकी नींद उड़ा दी। इसके कुछ ही देर बाद तक मौसम के तेवर बदल गए और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। रात में रुक-रुककर बारिश जारी रही, जिससे पारा काफी नीचे आ गया।

वहीं मौसम विभाग की ओर से आंधी और तूफान को लेकर जारी अलर्ट के चलते लोगों के मोबाइल फोन पर लगातार चेतावनी संदेश आते रहे। अलर्ट की आवाज सुनकर लोग सतर्क भी दिखाई दिए। मौसम में आए बदलाव के चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई, जिससे रात के समय लोगों को काफी राहत महसूस हुई। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आगामी एक-दो दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है।

संबंधित समाचार