Pilibhit News : हत्याकांड से दो दिन पहले मिली थी साइकिल व्यापारी को धमकी..तहरीर लेकर टाल गई बिलसंडा पुलिस, धमकाने वाले ने खुद को बताया था सपा नेता!
पीलीभीत/बिलसंडा, अमृत विचार। साइकिल व्यापारी पर हुए हमले में बीच बचाव कराने पहुंचे कपड़ा व्यापारी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या की वारदात में घिरी बिलसंडा पुलिस की एक और लापरवाही उजागर हुई है। पूर्व मंत्री रामसरन वर्मा के कस्बा बिलसंडा में पहुंचने के बाद साइकिल व्यापारी पंकज कटियार ने इसे खुलकर बयां किया है।
गुरुवार शाम कस्बा बिलसंडा में साइकिल व्यापारी पंकज कटियार पर बाइक पर सवार होकर आए करीब आठ लोगों ने हमला कर दिया था। बचाने पहुंचे पड़ोस के ही पप्पू गुप्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस कार्रवाई में जुटी है। व्यापारी संगठनों में घटना को लेकर नाराजगी है। इसी बीच दूसरे दिन बिलसंडा पुलिस की एक और बड़ी लापरवाही उजागर हुई है। साइकिल व्यापारी पंकज कटियार ने बताया कि उन्हें मंगलवार को नए नंबर से धमकी भरी कॉल आयी थी। इस दौरान काफी बात हुई। जिसके बाद पुलिस को तहरीर भी दी गई थी। मगर, पुलिस ने तहरीर लेकर रख ली। उस पर कोई एक्शन नहीं लिया गया था। ये भी बताया कि धमकी देने वाले ने खुद को सपा का नेता बताया था। मगर वह, किस जगह का और कौन है..इसे लेकर कुछ नहीं बताया। कुछ लोगों के नाम लिए और उन्हें लाइन पर लेकर बात कराने को दबाव बनाया गया, जिस पर उन्होंने इंकार कर दिया था। साइकिल व्यापारी ने गुरुवार शाम को हुई घटना को भी विस्तार से बताया। फिलहाल अभी ये भी पुष्ट नहीं की धमकी देने वाला असल में सपा नेता ही है, या फिर सिर्फ गुमराह करने को बताया गया।
