Moradabaad : बंद होंगी ई-कचरा जलाने वाली चार बड़ी भट्ठियां
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने प्रदूषण फैला रहीं भट्ठियों पर कसा शिकंजा
मुरादाबाद, अमृत विचार। जनपद में अवैध रूप से ई-कचरा और अन्य धातुओं को जलाने के कारोबार पर प्रदूषण नियंत्रण विभाग सख्ती कर रहा है। उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने चार ऐसी भट्ठियों को बंद करने का आदेश जारी किया है।
क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड डीके गुप्ता ने बताया कि रसूलपुर खेम और ताजपुर माफी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर ई-कचरा और अन्य धातुओं को बिना अनुमति जलाने का काम किया जा रहा था। इन भट्ठियों से निकलने वाले जहरीले धुएं और रासायनिक गैसों के कारण आसपास के इलाकों में प्रदूषण लगातार बढ़ रहा था। स्थानीय लोगों की शिकायतों और विभागीय जांच के बाद प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने इन भट्ठियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। बताया कि विभाग द्वारा पहले संबंधित कारोबारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए थे। नोटिस में भट्ठियों के संचालन से संबंधित अनुमति पत्र, पर्यावरणीय स्वीकृति और अन्य जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया था। हालांकि, कारोबारियों की ओर से न तो संतोषजनक जवाब दिया गया और न ही आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराए गए।
इसके बाद क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड मुख्यालय लखनऊ भेजी गई थी। रिपोर्ट में अवैध रूप से संचालित भट्ठियों को तत्काल बंद कराने की सिफारिश की गई थी। मुख्यालय स्तर पर मामले की समीक्षा के बाद चार बड़े ई कचरा कारोबारी यशवी, रियासत उर्फ बोल्टू, बाबू और मुजफ्फर की भट्ठियों को बंद करने के आदेश जारी कर दिए गए। इन भट्ठियों में ई-कचरे से धातुएं निकालने के लिए तार, प्लास्टिक और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामग्री खुले में जलाई जाती थी। इससे निकलने वाला जहरीला धुआं आसपास के गांवों और आबादी वाले क्षेत्रों तक पहुंच रहा था, जिससे लोगों को सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। क्षेत्र में संचालित अन्य संदिग्ध भट्ठियों और ई-कचरा कारोबारियों की भी जांच की जा रही है। यदि कोई भी इकाई बिना अनुमति संचालित होती पाई गई तो उसके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई होगी।
