Kannauj Crime News : दो बंद मकानों के ताले टूटे, लाखों के जेवर चोरी, पुलिस गश्त पर लोगों ने उठाए सवाल

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

सौरिख/कन्नौज, अमृत विचार। चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि बीती रात में दो बंद मकानों के ताले तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए गए। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।

थाना क्षेत्र के गांव नेकपुर नादेमउ निवासी मधु देवी पत्नी सोनू चौहान वर्तमान समय में सौरिख में तिर्वा रोड पर मकान बनाकर रह रही थी। शुक्रवार को मधु देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह दिनांक 22 मई 2026 को अपनी बहन के घर भिंड मध्य प्रदेश गई हुई थीं। घर पर ताला लगा हुआ था।

गुरुवार दोपहर घर वापस लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो कमरे में रखा सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोर घर में रखी सोने की चेन, हार, झुमकी, मंगलसूत्र, अंगूठियां, पायल समेत लाखों रुपये कीमत के जेवरात चोरी कर ले गए। मधु देवी ने बताया कि उनकी बहन के भी जेवर उनके घर में रखे थे, जिन्हें भी चोर उठा ले गए।

इसी रात पड़ोस में रहने वाली मीरा देवी पत्नी नवनीत सिंह बंद मकान को भी चोरों ने निशाना बनाया। मकान का ताला तोड़कर वहां से भी सोने-चांदी के कीमती जेवर चोरी कर लिए गए। लगातार दो घरों में चोरी की वारदात से ग्रामीणों में भय और आक्रोश व्याप्त है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया। वहीं फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल करते हुए साक्ष्य जुटाए।ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में रात के समय पुलिस गश्त न के बराबर होती है, जिसके चलते चोर बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।

लोगों ने जल्द खुलासे और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग की है।पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही चोरों का पता लगाया जाएगा।

संबंधित समाचार