बाराबंकी : सांड के हमले में घायल वृद्ध की मौत, परिजनों में कोहराम
सूरतगंज/बाराबंकी, अमृत विचार। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के शेखूपुर गांव में आवारा सांड के हमले में घायल 60 वर्षीय माता प्रसाद पुत्र मेवालाल की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। परिजनों के अनुसार मंगलवार देर शाम माता प्रसाद खेत से घर लौट रहे थे। तभी गांव के बाहर एक सांड ने उन पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने हालत नाजुक बताते हुए घर ले जाने की सलाह दी।
इसके बाद परिजन उन्हें वापस घर ले आए, जहां गुरुवार रात उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद ग्रामीणों में आवारा पशुओं को लेकर भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा सांडों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है।
