Bareilly : बीएड प्रवेश परीक्षा को लेकर समन्वय बैठक
पारदर्शी और शांतिपूर्ण परीक्षा के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश
बरेली, अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय में उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा-2026 के आयोजन को लेकर उच्चस्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा से जुड़ी सुरक्षा, गोपनीयता और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (नगर) अविनाश त्रिपाठी ने की। बैठक में परीक्षा संचालन से संबंधित समस्त प्रोटोकॉल, केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं पर्यवेक्षकों की जिम्मेदारियों पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने केंद्राध्यक्षों को परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। अपर जिलाधिकारी अविनाश त्रिपाठी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा का आयोजन पूरी निष्पक्षता, अनुशासन और सुरक्षा के साथ कराया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा निगरानी और प्रशासनिक व्यवस्थाएं मजबूत रखी जाएं।
बैठक में विश्वविद्यालय के कुलसचिव एवं नोडल अधिकारी हरीश चन्द, जिला समन्वयक प्रो. यतेन्द्र कुमार तथा विश्वविद्यालय नोडल समन्वयक प्रो. एसके पाण्डेय, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अजीत कुमार, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार और बीएसए डॉ. विनीता सहित परीक्षा से जुड़े अधिकारी और केंद्राध्यक्ष उपस्थित रहे।
