बरेली: मृत तेंदुए के बच्चे के परिवार को तलाशेंगी वन विभाग की टीमें
अमृत विचार, फतेहगंज पूर्वी/बरेली। फतेहगंज पूर्वी के लखनपुरा गांव में गन्ने के खेत में तेंदुए के शावक का शव मिलने से पूरे गांव में दहशत है। गांव वालों का कहना है कि जब उसका शावक यहां था तो नर और मादा तेंदुआ भी गांव के ही जंगलों में घूम रहे होंगे। वन विभाग ने इसकी …
अमृत विचार, फतेहगंज पूर्वी/बरेली। फतेहगंज पूर्वी के लखनपुरा गांव में गन्ने के खेत में तेंदुए के शावक का शव मिलने से पूरे गांव में दहशत है। गांव वालों का कहना है कि जब उसका शावक यहां था तो नर और मादा तेंदुआ भी गांव के ही जंगलों में घूम रहे होंगे। वन विभाग ने इसकी जांच के लिए गांव में टीमें भेजने का फैसला लिया है। सोमवार से गांव में तेंदुए के बच्चे के परिवार को ढूंढने के लिए टीमें तैनात की जाएंगी। यदि उनका सुराग मिलता है तो वहां पिंजड़ा लगाया जाएगा।
मुख्य वन संरक्षक ललित कुमार वर्मा ने बताया कि शावक की मौत के बाद शक है कि नर और मादा तेंदुआ गांव के ही जंगल में हो सकते हैं। उधर, गांव वालों में भी दशहत का माहौल है। इसलिए सोमवार से गांव में शावक के परिवार की तलाश के लिए टीमों को लगाया जाएगा। इसके लिए टीम कॉम्बिंग करेगी।
उधर, तेंदुए के बच्चे की मौत का पूरी कारण पूरी तरह से पता नहीं चल पाया है। बताया जा रहा है कि उसके सिर में तेजी से चोट लगी है। चोट इतनी तेज थी कि उसके सिर की हड्डियां भी टूट गई है। ललित कुमार वर्मा ने बताया कि उसके किसी वाहन से टकराने की बात सामने आ रही है। हकीकत पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही पता चल पाएगी। बहरहाल गांव में दशहत का माहौल बना हुआ है।
बाघिन पकड़ने को दुधवा से कल आएगी टीम
फतेहगंज पश्चिमी की रबर फैक्ट्री में घूम रही बाघिन को पकड़ने के लिए सोमवार को दुधवा से विशेषज्ञों की टीम बरेली पहुंच रही है। इस बार बाघिन को पिंजड़े में बंद करके नहीं बल्कि उसे ट्रेंकुलाइज करके पकड़ने की योजना पर कार्य चल रहा है। डीएफओ भरतलाल ने बताया कि किशनपुर में बाघ दिखने से विशेषज्ञों की टीम वहां पर चली गई है। रविवार तक वहां पर मिशन को खत्म कर दिया जाएगा। इसके बाद टीम सीधा बरेली पहुंचेगी।
