रामपुर के  'आजमवादी' खिलाफ होते तो लोकसभा चुनाव नहीं जीतते नदवी-आसिम राजा

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

रामपुर, अमृत विचार। जेल रोड मुमताज पार्क स्थित सपा नेता आजम खां के आवास के सामने सपा के नवीन कैंप कार्यालय में रविवार को प्रेसवार्ता आयोजित हुई। इसमें सपा के नगर अध्यक्ष और आजम खां के करीबी आसिम राजा ने लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर कहा कि आजमवादी अगर रामपुर में सपा प्रत्याशी मौलाना मोहिब्बुल्लाह नदवी के खिलाफ होते तो वो चुनाव नहीं जीतते।

उन्होंने कहा कि रामपुर जिले में सपा कार्यकर्ताओं ने मजबूती से चुनाव लड़ाया और आगे भी मजबूती से चुनाव लड़ाया जाएगा। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024 में सांसद नदवी की मुखालफत को लेकर कहा कि वो सभी मनगढ़ंत बातें हैं। किसी ने खिलाफ काम नहीं किया है, आज रामपुर में सपा के लिए जो जमीन तैयार की है उसमें हमारे नेता आजम खां की मेहनत है। इसलिए नदवी भी चुनाव आसानी से जीत गए और आगे चुनाव आसानी से जीता जाएगा। रामपुर के कार्यकर्ता हमेशा सपा के साथ रहा है, मो. आजम खां के निर्देश पर काम किया है। 

कहा कि मो. आजम खां ने 50 साल से पार्टी को सींचा है।  उन्होंने कहा कि सपा राष्ट्रीय महासचिव आजम खां और पार्टी के संस्थापक सदस्य हैं। रामपुर में जो विकास हुआ है उन्हीं की देन है। शिक्षा के लिए जौहर विवि स्थापित कर नया इतिहास रचा है। 2027 विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव के निर्देश पर चुनाव लड़ेंगे, जो भी फैसला प्रत्याशियों के चयन को लेकर होगा मंजूर होगा। यहां जहां बीजेपी जीती नजर आती है, पूरा देश जनता है बच्चा बच्चा जानता है यहां क्या हुआ था। आने वाले दिनों में सपा को पांचों सीट दिलाने का काम करेंगे। कुछ लोग पार्टी में राजनीति कर रहे है, ऐसे लोगों की नीयत और नीति दोनों गलत है। प्रेसवार्ता में यह संदेश देना चाहते हैं अखिलेश यादव और मो. आजम खां के निर्देश पर पार्टी को मजबूत करेंगे।

सपाईयों पर हुए मुकदमों से नहीं डरेंगे
सपा के फ्रंट लाइन के कार्यकर्ताओं तक पर मुकदमे दर्ज हुए हैं, लेकिन पार्टी के साथ खड़े हैं। हालात से ना डरे हैं और ना डरेंगे। कुछ लोग पार्टी के विपरीत कार्य कर रहे हैं, उनको समझना होगा। जिलाध्यक्ष अजय सागर के नेतृत्व में कार्यकर्ता काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से पार्टी के कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष को नहीं मानते तो उनके खिलाफ अनुशासनहीनता की कार्रवाई की जाएगी। हमें न्यायालय से उम्मीद है इस दौरान कठिन और आसान फैसले भी आए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई जल्द अखिलेश यादव जिला जेल में आजम खां से मिलेंगे। पूर्व पालिका अध्यक्ष अजहर खां की जमानत को लेकर कहा कि न्याय मिला है, हमे भी न्याय मिलेगा। हम सौ प्रतिशत बेगुनाह हैं। लोकसभा चुनाव में सपा के खिलाफ चुनाव लड़ाने की बात को गलत बताया है। आने वाले समय में आजम खां और अब्दुल्ला आजम से बेन हटेगा और वो चुनाव  लड़ेंगे। उस समय हालात को देखते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने टिकट दिया, लेकिन यहां का विकास होना चाहिए। इस दौरान जिलाध्यक्ष अजय सागर, नगराध्यक्ष आसिम राजा, जिला महासचिव हरज्ञान सिंह, मौजूद रहे।

संबंधित समाचार