जीवन चुनिए तंबाकू नहीं : देश में बढ़ रहे कैंसर और हार्ट अटैक के मामले

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ : लोग जिस तरह से मौजूदा दौर में तंबाकू और गुटखे का सेवन कर रहे है, वह एक गंभीर स्वास्थ्य संकट बनता जा रहा है, आंकड़े डराने वाले हैं।  इसके सेवन से कई तरह की गंभीर बीमारियां हो सकती है। जो जीवन को संकट में डाल सकती हैं, इसलिए तंबाकू छोड़िए और जिंदगी चुनिए। यह कहना है इंडियन डेंटल एसोसिएशन (आईडीए) लखनऊ की सचिव डॉ प्रज्ञा पांडेय का। 

डॉ प्रज्ञा के अनुसार, अस्पतालों में मुंह की बीमारियों , कैंसर और अचानक आने वाले हार्ट अटैक के मामलों में भारी बढ़ोतरी देखी जा रही है, इसके पीछे की मुख्य वजह तंबाकू का सेवन हो सकता है। उन्होंने बताया कि तंबाकू का सेवन जानलेवा है, यह हर साल दुनिया भर में लाखों लोगों की असमय मौत का कारण बनता है, यह आपके शरीर के लगभग हर अंग को नुकसान पहुँचाता है।

दरअसल, विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर शनिवार को इंडियन डेंटल एसोसिएशन (आईडीए) लखनऊ ब्रांच एवं उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (यूपीएमआरसी) के संयुक्त तत्वावधान में हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर तंबाकू निषेध एवं मुख कैंसर जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के संयुक्त महाप्रबंधक (जनसंपर्क) पंचानन मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

अभियान का नेतृत्व आईडीए लखनऊ ब्रांच के अध्यक्ष डॉ. अरविंदर सिंह एवं मानद सचिव डॉ. प्रज्ञा पांडे ने किया। इस अवसर पर सीडीई चेयरमैन डॉ. रमेश भारती, सीडीएच संयोजक डॉ. नौशाबा तल्हा, वरिष्ठ सदस्य डॉ. आशीष खरे, डॉ. असीम टिक्कू, डॉ. नीता मिश्रा, डॉ. राम अवतार एवं डॉ. अंजू लूंबा सहित आईडीए लखनऊ ब्रांच के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान मेट्रो यात्रियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया। आईडीए के पदाधिकारियों ने बताया कि तंबाकू सेवन मुख कैंसर सहित अनेक गंभीर एवं जानलेवा बीमारियों का प्रमुख कारण है तथा इससे बचाव का सबसे प्रभावी उपाय तंबाकू का पूर्ण त्याग है।

इस अवसर पर आईडीए लखनऊ ब्रांच द्वारा तैयार किए गए विशेष जनजागरूकता पम्पलेट्स का वितरण किया गया। इन पम्पलेट्स में तंबाकू के दुष्प्रभाव, मुख कैंसर के प्रारंभिक लक्षण, बचाव के उपाय एवं तंबाकू त्यागने से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ शामिल थीं।

आईडीए पदाधिकारियों ने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे स्वयं तंबाकू सेवन से दूर रहें तथा अपने परिवार, मित्रों, सहकर्मियों एवं समाज के अन्य लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि तंबाकू मुक्त समाज का निर्माण प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही संभव है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने तंबाकू मुक्त जीवनशैली अपनाने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

संबंधित समाचार