आग लगने की घटना पर शिक्षा मंत्रालय का बड़ा बयान, 'ITO के एसपीए परिसर में लगी थी आग, जनहानि या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं'
दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के आईटीओ इलाके में स्थित स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (एसपीए) परिसर में शिक्षा मंत्रालय के कार्यालय की दूसरी मंजिल पर आग लग गयी। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि अग की घटना में किसी के भी हताहत होने की सूचना नहीं है।
उन्होंने बताया कि दिल्ली दमकल सेवा को सुबह करीब 9.37 बजे आग लगने की सूचना मिली, इसके बाद आग पर काबू पाने के लिये विभाग ने आठ दमकल गाड़ियों को तत्काल मौके पर भेजा। उन्होंने बताया कि इमरत में लगी आग को बुझाने का काम जारी है। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
शिक्षा मंत्रालय का बड़ा बयान, ITO परिसर में लगी थी आग
राष्ट्रीय राजधानी में शिक्षा मंत्रालय ने कुछ मीडिया रिपोर्टों में मंत्रालय के कार्यालय में आग लगने की खबरों को भ्रामक बताते हुए स्पष्टीकरण जारी किया है। शिक्षा मंत्रालय ने सोमवार को स्पष्टीकरण में कहा कि आग की घटना उसके कार्यालय में नहीं, बल्कि स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (SPA) के परिसर में हुई थी। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्रालय का कार्यालय यहाँ कर्तव्य भवन में है, जबकि आग लगने की घटना एसपीए के परिसर में हुई, जो आईटीओ में स्थित है।
शिक्षा मंत्रालय ने कहा कि गलत सूचनाओं के प्रसार को रोकने के लिए यह स्पष्टीकरण जारी किया गया है। मंत्रालय ने यह भी बताया कि एसपीए भवन में लगी आग मामूली प्रकृति की थी, जिस पर तत्काल काबू पा लिया गया। उन्होंने कहा कि घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं है। मंत्रालय ने मीडिया संस्थानों से तथ्यात्मक जानकारी के आधार पर ही समाचार प्रसारित करने की अपील की है।
