Firozabad Crime News : मां ने शादी से किया इनकार तो मासूम बेटे की पटक-पटककर की हत्या, मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

फिरोजाबाद। फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद थाना क्षेत्र में एक युवक ने महिला के शादी से इनकार करने पर उसके डेढ़ साल के बेटे की कथित तौर पर पटक-पटककर हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को बताया कि आरोपी युवक जान गंवाने वाले बच्चे का रिश्ते में चाचा लगता है और मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान दोनों पैर में गोली लगने के बाद आरोपी को गिरफ्तार करके जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

पुलिस के मुताबिक, शिकोहाबाद की यादव कॉलोनी में शनिवार दोपहर विराज उर्फ जितेंद्र पाठक ने रिश्ते की भाभी रती से शादी करने की जिद पूरी न होने पर उसके डेढ़ साल के मासूम बेटे आरव को सड़क पर बेरहमी से आठ बार पटक-पटककर मार डाला था। यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई थी। 

अपर पुलिस अधीक्षक रविशंकर प्रसाद ने बताया कि बदायूं जनपद के रहने वाले युवक विराज ने शनिवार को डेढ़ साल के एक बच्चे की कथित तौर पर जमीन पर पटक-पटककर हत्या कर दी थी। उन्होंने कहा कि घटना का वीडियो शनिवार देर शाम सामने आया था। उन्होंने बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था। रविवार को उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीम का गठन किया गया था। 

शिकोहाबाद के थाना प्रभारी अनुज कुमार ने बताया कि पुलिस ने मुठभेड़ के बाद आरोपी को रविवार रात गिरफ्तार कर लिया था। कुमार ने बताया कि पुलिस से मुठभेड़ के दौरान दोनों पैरों में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, मूल रूप से अरांव निवासी रती देवी की शादी फरवरी 2024 में बदायूं जिले के शेखूपुर निवासी सुमित कुमार से हुई थी, लेकिन पति से अनबन के कारण वह पांच महीने से मायके में रह रही थी। 

पुलिस ने बताया कि इसी बीच सुमित के फुफेरे भाई विराज उर्फ जितेंद्र पाठक ने रती के सामने शादी का प्रस्ताव रखा, जिसे रती ने ठुकरा दिया था। शनिवार को रती अपनी मां पिंकी देवी के साथ कानूनी राय लेने शिकोहाबाद आई थी। पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार महिला के ससुरालपक्ष का रिश्तेदार विराज भी दोपहर के समय शिकोहाबाद पहुंचा और वह बच्चे को टॉफी दिलाने के बहाने साथ ले गया। 

पुलिस ने बताया कि युवक ने मासूम को कथित तौर पर कई बार जमीन पर पटका जिससे उसकी मौत हो गई। मासूम की मौत के बाद आरोपी उसके शव को नाली में फेंककर भाग गया। महिला ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। महिला का आरोप है कि युवक उस पर शादी करने का दबाव बना रहा था। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि रविवार को पुलिस को विराज के थाना शिकोहाबाद के क्षेत्र भूडा-भरथरा के निकट होने की जानकारी मिली थी। 

उन्होंने बताया कि जब आरोपी की घेराबंदी की गई तो उसने पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी। पुलिस ने बताया कि पुलिसकर्मियों द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी गोलीबारी के दौरान आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार करके इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के कब्जे से हथियार और कारतूस बरामद किये गए हैं और इस मामले में आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। 

संबंधित समाचार