Bareilly News: आंधी-तूफान फिर बना जानलेवा...बिथरी में छत से गिरकर, हाफिजगंज में खंभा गिरने से दो महिलाओं की मौत
बरेली, अमृत विचार। तेज आंधी ने एक बार फिर दो महिलाओं की जान ले ली। अलग-अलग घटनाओं में एक महिला पर बिजली का खंभा गिरने से मौत हुई, जबकि दूसरी महिला छत से गिरकर जान गंवा बैठी।पहली घटना हाफिजगंज क्षेत्र के मिलक बमनपुरी की है। मानसिंह अपनी पत्नी सुमन लता (35) के साथ दवा दिलाकर बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में तेज आंधी शुरू हो गई। गांव के पास मोड़ पर पहले से तिरछा खड़ा बिजली का खंभा उनकी बाइक पर गिर गया।
बाइक पर खंभा गिरने से मौत
खंभा गिरने से पीछे बैठी सुमन लता गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि मानसिंह को मामूली चोटें आईं। परिजनों का आरोप है कि इस झुके हुए खंभे को हटाने के लिए बिजली विभाग से कई दिन पहले शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। गंभीर रूप से घायल सुमन लता को पहले नवाबगंज और फिर बरेली रेफर किया गया, जहां देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजन शव लेकर थाने पहुंचे और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
आंधी से घबराकर भागी महिला छत से गिरी
दूसरी घटना बिथरी चैनपुर क्षेत्र में हुई। यहां 30 वर्षीय सुनीता अपने सात वर्षीय बेटे के साथ मायके में रह रही थीं। शनिवार रात खाना खाने के बाद वह दूसरी मंजिल पर सोने गई थीं।
तभी अचानक तेज आंधी शुरू हो गई। परिजनों के अनुसार, हवाओं की तीव्रता से घबराकर सुनीता नीचे उतरने के लिए सीढ़ियों की ओर भागीं। संतुलन बिगड़ने से वह करीब 26 फुट की ऊंचाई से पक्के फर्श पर गिर गईं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
