चारबाग में रूट बदलने से यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें, एक दिन के नोटिस पर 19 ट्रेनें बदले मार्ग से चलीं, कई यात्रियों की ट्रेन छूटी

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचारः चारबाग रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के मार्ग परिवर्तन की सूचना महज एक दिन पहले जारी किए जाने से रविवार को हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे अधिक दिक्कत जनरल क्लास के यात्रियों को हुई, जिन्हें समय पर जानकारी न मिलने के कारण ट्रेन पकड़ने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा। कई यात्री अपनी ट्रेन तक नहीं पकड़ सके।

शुक्रवार सुबह प्लेटफार्म नंबर पांच पर शेड गिरने की घटना के बाद रेलवे ने रविवार और सोमवार को पावर ब्लॉक लिया। इसकी जानकारी रेलवे प्रशासन ने शनिवार देर रात जारी की। ब्लॉक के चलते 19 ट्रेनों के मार्ग बदल दिए गए, जिससे ये ट्रेनें रविवार को चारबाग स्टेशन नहीं पहुंचीं।

प्रभावित ट्रेनों में टनकपुर-सिंगरौली त्रिवेणी एक्सप्रेस, टनकपुर-शक्तिनगर एक्सप्रेस और बनारस-देहरादून जनता एक्सप्रेस समेत कई प्रमुख ट्रेनें शामिल रहीं। मिर्जापुर, चुनार, सोनभद्र, चोपन और सिंगरौली जाने वाले यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी हुई।

जनरल टिकट धारकों के मोबाइल पर रूट परिवर्तन का संदेश नहीं पहुंचा। स्टेशन पहुंचने पर उन्हें पता चला कि ट्रेनें आलमनगर और उतरेठिया स्टेशन से मिलेंगी। जो यात्री समय रहते वहां पहुंच गए, उन्होंने ट्रेन पकड़ ली, लेकिन कई यात्रियों की ट्रेन छूट गई।

प्लेटफार्मों पर भी रही अव्यवस्था

शेड का मलबा हटाने के लिए प्लेटफार्म नंबर चार और पांच पर ब्लॉक लिया गया था। इसके अलावा दिन में प्लेटफार्म दो और तीन भी बंद रहे। परिणामस्वरूप 54 ट्रेनों का संचालन प्लेटफार्म छह और सात से किया गया। वहीं, स्टेशन पर चल रहे कॉनकोर्स निर्माण कार्य के कारण यात्रियों को प्लेटफार्म छह और सात तक पहुंचने में भी काफी परेशानी हुई और स्टेशन परिसर में अव्यवस्था का माहौल बना रहा।

ये भी पढ़ें  : 
वाराणसी एयरपोर्ट पर करोड़ों की विदेशी ड्रग्स बरामद, बैंकॉक से आये 6 थाई नागरिक गिरफ्तार 

 

संबंधित समाचार