UP News: जमीन में गड़ा धन निकला ! पीलीभीत के इस गांव में मचा शोर, तांत्रिक कर रहे टोना-टोटका

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बिलसंडा, अमृत विचार। थाना क्षेत्र के गांव इरादतपुर पगार में स्वीकृत खनन कार्य के दौरान कथित रूप से खजाना मिलने की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। गांव और आसपास के इलाकों में दिनभर इसी चर्चा का बाजार गर्म रहा। हालांकि ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ने ऐसी किसी घटना से इनकार किया है।

खुदाई में खजाने मिलने की चर्चा
ग्रामीणों के अनुसार तीन दिन पहले मिट्टी की खुदाई के दौरान एक जेसीबी मशीन में अचानक आग लग गई थी। इसके बाद दूसरी मशीन से भी खुदाई सुचारु रूप से नहीं हो सकी। ग्रामीणों का दावा है कि इसके बाद रविवार देर रात कुछ तांत्रिकों को बुलाकर विशेष पूजा-अर्चना कराई गई और फिर चिन्हित स्थान पर खुदाई की गई। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के खेत में खुदाई के दौरान खजाना मिला है। हालांकि इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। 

मंदिर के  की जीर्णोद्धार कराने की मांग
आरोप है कि खनन कार्य से जुड़े लोग पूरे मामले को दबाने का प्रयास कर रहे हैं। उधर, गांव के कुछ लोगों ने मांग की है कि यदि वास्तव में कोई खजाना मिला है तो उसकी राशि का एक हिस्सा गांव के प्राचीन मंदिर के जीर्णोद्धार में लगाया जाए। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रामपाल ने बताया कि खुदाई के दौरान किसी प्रकार का खजाना मिलने की बात पूरी तरह निराधार है। वहीं उपजिलाधिकारी नागेंद्र पांडेय ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। जानकारी कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

अफवाह या हकीकत?
खजाना मिलने की चर्चा के बावजूद अब तक किसी जिम्मेदार ने मौके पर खजाना मिलने या न मिलने की पुष्टि नहीं की है। ऐसे में मामला अफवाह और वास्तविकता के बीच उलझा हुआ है। ग्रामीणों की निगाहें अब प्रशासनिक जांच पर टिकी हैं।

संबंधित समाचार