UP News : बदमाशों पर यूपी पुलिस का कहर, 5684 अपराधियों पर गैंगस्टर एक्शन, 788 करोड़ की प्रॉपर्टी जब्त-DGP
डीजीपी ने कहा कि हर थाने में मिशन शक्ति केंद्र बनाया गया है। पिछले पांच वर्षों में मिशन शक्ति के काम पर नजर डालें तो इसका रिस्पांस शानदार रहा है। इसके जरिये महिला सुरक्षा मजबूत हुई है। महिला अपराधों में काफी कमी भी देखने को मिली है।
अमृत विचार, लखनऊ : उत्तर प्रदेश में पिछले 8 वर्षों में अपराधों में काफी कमी आई है। पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई। इसका परिणाम ये हुआ कि 93 प्रतिशत से ज्यादा अपराधियों को सजा मिली। गैंगस्टर एक्ट के तहत 5,684 अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। अपराधियों की लगभग 788 करोड़ की प्रॉपर्टी जब्त की गई।
डीजीपी राजीव कृष्णा ने सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस में यूपी पुलिस का विजन और एक्शन प्लान शेयर किया। महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों पर सख्त कार्रवाई की बात कही। इसके साथ ही जनसुनवाई और जनता की समस्या, शिकायताओं को प्राथमिकता पर सुना जाएगा।
डीजीपी ने कहा कि हर थाने में मिशन शक्ति केंद्र बनाया गया है। पिछले पांच वर्षों में मिशन शक्ति के काम पर नजर डालें तो इसका रिस्पांस शानदार रहा है। इसके जरिये महिला सुरक्षा मजबूत हुई है। महिला अपराधों में काफी कमी भी देखने को मिली है।
साइबर अपराधों पर चर्चा करते हुए डीजीपी ने कहा कि साइबर क्राइम रोकने के मामले में यूपी देश में नंबर वन रहा है। यूपी में साइबर ठगी की करीब 400 करोड़ से ज्यादा की धनराशि फ्रीज की गई। पुलिसिंग व्यवस्था में एआई का सहारा लिया गया। यक्ष एप ( Yaksh App) और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से अपराध नियंत्रण और जांच व्यवस्था को और प्रभावी बनाया गया है।
सड़क हादसों में आई कमी
डीजीपी ने सड़क हादसों पर चर्चा करते हुए कहा कि राज्य में सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु दर में उल्लेखनीय कमी देखने को मिली है। अब पहले की अपेक्षा 11.5 फीसदी मृत्यु दर में कमी आई है। सड़क दुर्घटनाओं को टालने और दुर्घटनाएं होने की स्थिति में घायलों को फौरान उपचार दिलाने की दिशा में अच्छा काम हो रहा है।
राजीव कृष्णा ने संभाला पदभार
डीजीवी राजीव कृष्णा ने सोमवार को पुलिस महानिरीक्षक पद पर अपना पदभार ग्रहण किया। पुलिस मुख्यालय में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और स्वागत किया।
