सहारनपुर पहुंचे CM योगी : मां शाकंभरी देवी मंदिर का किया निरीक्षण, विकास कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

मां शाकंभरी देवी मंदिर का किया निरीक्षण, विकास कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश

सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को शाकंभरी देवी परिक्षेत्र में हाल ही में आई बाढ़ से हुई जनहानि एवं संपत्ति के नुकसान की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्रभावित लोगों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने तथा विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने सहारनपुर भ्रमण के दौरान बाबा भूरा देव मंदिर एवं मां शाकंभरी देवी मंदिर में विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया।

इसके बाद उन्होंने शाकंभरी देवी खोल में अचानक जलप्रवाह से उत्पन्न स्थिति और उससे हुए नुकसान के संबंध में समीक्षा बैठक की। बैठक में मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार और जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से स्थिति की जानकारी दी, जबकि पुलिस व्यवस्थाओं के संबंध में पुलिस उपमहानिरीक्षक अभिषेक सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने विवरण प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री ने एलिवेटेड रोड निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि अतिरिक्त श्रमिकों की तैनाती कर कार्य में तेजी लाई जाए।

उन्होंने कहा कि शारदीय नवरात्रि तक निर्माण कार्य पूरा करने का प्रयास किया जाए तथा किसी भी स्थिति में दिसंबर तक परियोजना को पूर्ण किया जाए। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुल निर्माण कार्य पूरा होने तक श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए वैकल्पिक आवागमन व्यवस्था विकसित की जाए तथा मार्ग को व्यवस्थित रूप से संचालित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्किंग व्यवस्था भूरा देव मंदिर के निकट उपयुक्त स्थान पर विकसित की जाए। साथ ही, खोल में जलभराव की स्थिति में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दोनों किनारों पर बोल्डर लगाने तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा उपाय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं को रोका नहीं जा सकता, लेकिन आधुनिक तकनीक और समय पर चेतावनी तंत्र के माध्यम से जनहानि एवं संपत्ति के नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

उन्होंने अधिकारियों को आपदा की स्थिति में त्वरित अलर्ट जारी करने और राहत कार्यों की सूचना तत्काल शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष बल देते हुए कहा कि दर्शन व्यवस्था ऐसी हो कि किसी भी श्रद्धालु को अनावश्यक कठिनाई का सामना न करना पड़े। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने बैठक में बताया कि हालिया घटना में मृतकों के परिजनों को निर्धारित आर्थिक सहायता उपलब्ध करा दी गई है तथा अन्य प्रभावितों के नुकसान का आकलन कराया जा रहा है। 

संबंधित समाचार