औरैया में आंधी का कहर, दीवार गिरने से मलबे में दबकर महिला की मौत, ननद गंभीर रूप से घायल

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

औरैया। उत्तर प्रदेश में औरैया जिले के अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले हरपालपुर गांव में रविवार रात आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई। इस प्राकृतिक आपदा के दौरान एक घर की दीवार गिरने से मलबे में दबकर एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसकी ननद गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। यह हादसा उस समय हुआ जब दोनों महिलाएं एक धार्मिक आयोजन से भंडारा खाकर वापस घर लौट रही थीं। 

पुलिस सूत्रों ने सोमवार सुबह बताया कि जालौन जनपद के रामपुरा थाना क्षेत्र स्थित मढ़ेपुरा गांव की रहने वाली 42 वर्षीय जगरानी पत्नी सुरेंद्र निषाद रविवार को हरपालपुर गांव में अपने नंदोई लेकपाल निषाद के घर आई हुई थीं।

रविवार की शाम को जगरानी अपनी ननद सोमवती के साथ पास के ही भीखम नगर गांव में आयोजित हो रही भागवत कथा के भंडारे में शामिल होने गई थीं। भंडारा प्रसाद ग्रहण करने के बाद जब दोनों ननद-भाभी पैदल ही वापस हरपालपुर गांव लौट रही थीं, तभी अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और तेज आंधी-पानी शुरू हो गया। 

जैसे ही दोनों महिलाएं गांव के भीतर पहुंचीं, तभी तेज हवा के झोंके के कारण ग्रामीण बुद्ध सिंह के मकान की बाहरी दीवार अचानक भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। दीवार गिरते ही दोनों महिलाएं मलबे के नीचे दब गईं और चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर मौके पर दौड़े ग्रामीणों ने आनन-फानन में भारी मशक्कत कर मलबे को हटाया और दोनों को बाहर निकाला।

ग्रामीणों ने तुरंत दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अजीतमल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जगरानी को देखते ही मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल ननद सोमवती को प्राथमिक उपचार देने के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल चिचौली के लिए रेफर कर दिया। 

ये भी पढ़ें  : 
लखनऊ के आलमबाग में फूटा लोगों का गुस्सा, गंदा पानी सप्लाई और बिजली कटौती को लेकर किया सड़क पर जमकर बवाल

संबंधित समाचार