Moradabad News: पर्यटन के नक्शे पर निखरेगा मुरादाबाद, 81.29 लाख से होगा द्वारिकाधीश मंदिर का कायाकल्प

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। जिले को पर्यटन के नक्शे पर निखारने के लिए 81.29 लाख रुपये की लागत से कांशीराम नगर स्थित श्री द्वारिकाधीश मंदिर का कायाकल्प होना है। इसके लिए उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में ही धनराशि स्वीकृत कर दी थी। इस मंदिर के अलावा कुछ अन्य कार्य भी पर्यटन विभाग की ओर से कराए जाएंगे। जिससे पीतलनगरी को पर्यटन के क्षेत्र में भी स्थापित किया जा सके।

शहर के पर्यटन को लगेंगे पंख
महानगर के सौंदर्यीकरण के लिए नगर निगम के द्वारा कराए गए कार्यों के साथ ही अब पर्यटन विभाग भी कई मंदिरों का जीर्णोद्धार कराकर कायाकल्प करा रहा है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के निदेशालय ने जिले में पर्यटन विकास को गति देने के लिए श्री द्वारिकाधीश मंदिर के कायाकल्प की योजना तैयार की। जिसके लिए 81.29 लाख रुपये स्वीकृत हो चुके हैं। इस धनराशि से होने वाले कार्यों का शिलान्यास भूमि पूजन कर कराया गया। श्री कृष्ण यादव चैरिटेबल ट्रस्ट के द्वारा संचालित कांशीराम नगर स्थित श्री द्वारिकाधीश मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्य का भूमि पूजन कर शिलान्यास नगर विधायक के प्रतिनिधि के रुप में उनके पुत्र अनिरुद्ध गुप्ता ने किया।

ट्रस्ट पदाधिकारियों ने किया भूमिपूजन
विधि विधान से मंत्रोच्चारण के साथ अनिरुद्ध गुप्ता ने ट्रस्ट के पदाधिकारियों व सदस्यों के साथ भूमि पूजन कर कार्यों का शिलान्यास किया। इस दौरान डॉ. बृजपाल सिंह यादव, ट्रस्ट के अध्यक्ष एसएस यादव, हरीश कुमार यादव, रामपाल सिंह यादव, विजय यादव, राजवीर सिंह यादव, लालसिंह यादव, हरकेश यादव, सौम्या यादव, आदेश कुमार यादव, पंकज यादव, विशेष यादव, मुनेश यादव, पुष्प यादव, सुरजीत यादव, विश्वजीत यादव, महेश यादव, भारत सिंह यादव के साथ किया। संचालन संजीव आकांक्षी ने किया। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रत्यूष यादव ने किया। इस दौरान विभाग के अधिकारियों के अलावा स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। जिसमें गजेंद्र यादव, पार्षद गीता शर्मा, सुधांशु कौशिक, पार्षद पंकज यादव, रामप्रकाश शर्मा, क्षेत्रीय पार्षद हुकुम सिंह सैनी, सौरभ चक्रवती, राजीव चौधरी, अर्जुन सिंह, आयुष यादव, अनिल शर्मा, डॉ. अजीत गुप्ता, चित्रा यादव, डॉ. नीतू सिंह, महावीर सिंह आदि मौजूद रहे।

ट्रस्ट में पद को लेकर भिड़े लोग, हंगामा
श्री द्वारिकाधीश मंदिर में भूमि पूजन के दौरान अचानक उस समय अजीबोगरीब स्थिति उत्पन्न हो गई जब स्थानीय कुछ लोग आपस में ही भिड़ गए। हाथापाई भी शुरु हो गई। इससे वहां अफरा तफरी मच गई। भूमि पूजन के लिए आए अतिथि भी इस स्थिति से असहज हो गए और जल्द ही कार्यक्रम स्थल से निकल गए। हंगामे की वीडियो वायरल होने पर शहर में इसकी खूब चर्चा रही। बताया जा रहा है कि ट्रस्ट में पद को लेकर कुछ वरिष्ठ आपस में ही उलझने लगे। इससे मौके पर आए अन्य लोग भी हतप्रभ हो गए। हालांकि बाद में कुछ लोगों ने मामला संभाल लिया। वहीं कुछ ने कहा कि यह मंदिर के निर्माण में किसी विशेष व्यक्ति या जाति की बजाय समाज के सभी वर्गों का योगदान है।

जीर्णोद्वार में होंगे यह कार्य
श्री द्वारिकाधीश मंदिर के जीर्णोद्धार व कायाकल्प के लिए पर्यटन विभाग ने 81.29 लाख रुपये स्वीकृत किया है। सहायक पर्यटन अधिकारी प्रदीप टम्टा ने बताया कि इसमें से 52.87 लाख रुपये से सिविल वर्क कराए जाएंगे। जिसमें टॉयलेट ब्लॉक, यात्री सुविधा के लिए म्यूरल्स, साइनेज, बेंच, डस्टबिन लगाए जाएंगे। साथ ही स्वागत द्वार, साइट पर अन्य विकास कार्य, यात्री शेड, पेवर ब्लॉक बनवाए जाएंगे। वहीं 6.18 लाख रुपये की लागत से बिजली संबधित कार्य, 5.49 लाख रुपये से प्लम्बरिंग कार्य और 54 हजार रुपये से लैंडस्कैप कार्य होंगे।

संबंधित समाचार