UP News: निलंबित सिपाही ने धार्मिक स्थल पर फेंका मांस, ग्रामीणों में फैला आक्रोश
रुद्रपुर, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र की भूत बंगला बस्ती में एक निलंबित सिपाही द्वारा धार्मिक स्थल में मांस फेंके जाने की घटना से क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला और वाल्मीकि समाज के लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार, आरोप है कि निलंबित सिपाही अजीम ने 29 मई को शराब के नशे में बकरीद के दौरान काटे गए जानवर के मांस के अवशेष उठाकर वाल्मीकि समाज के मंदिर के सामने रख दिए थे। इस पर स्थानीय लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई थी, जिसके बाद विवाद बढ़ गया था। मामले में अखिल भारतीय वाल्मीकि धर्म सभा के जिलाध्यक्ष विजेंद्र गोटसे की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया और 30 मई को आरोपी को गिरफ्तार कर एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जमानत मिल गई।
आरोप है कि 31 मई की दोपहर को आरोपी ने एक बार फिर धार्मिक स्थल के पास मांस के अवशेष फेंक दिए, जिससे स्थिति और अधिक तनावपूर्ण हो गई। इसके बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हो गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। घटना की जानकारी मिलने पर विधायक शिव अरोरा मौके पर पहुंचे और एसएसपी अजय गणपति कुंभार से फोन पर वार्ता कर मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की।
विधायक ने नाराजगी जताते हुए कहा कि एक निलंबित सिपाही द्वारा बार-बार माहौल बिगाड़ने के प्रयास के बावजूद पुलिस द्वारा अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
