मेधावी छात्र सम्मान समारोह : केशव मौर्य बोले- विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका होगी अहम
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मेधावी एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थी विकसित भारत के वास्तविक शिल्पकार हैं और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। केशव मौर्य सोमवार को यहां गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित 'मेधावी छात्र सम्मान समारोह-2026' को संबोधित करते हुये कहा कि जीवन में स्पष्ट लक्ष्य, दृढ़ संकल्प, अनुशासन और निरंतर परिश्रम के बल पर कोई भी मंजिल हासिल की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में शिक्षा का वातावरण लगातार बेहतर हुआ है। नकलविहीन एवं पारदर्शी परीक्षा प्रणाली के कारण प्रदेश के विद्यार्थियों की प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जिस प्रकार उत्तर प्रदेश विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति कर रहा है, उसी प्रकार शिक्षा के क्षेत्र में भी प्रदेश देश में अग्रणी स्थान प्राप्त करेगा।
https://twitter.com/kpmaurya1/status/2061429315280216269
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी विद्यार्थी की सफलता के पीछे अभिभावकों, शिक्षकों और स्वयं विद्यार्थियों के संयुक्त प्रयास होते हैं। उन्होंने इन तीनों को सफलता की "त्रिवेणी" बताते हुए कहा कि इनके समन्वित प्रयासों से ही उज्ज्वल भविष्य का निर्माण संभव है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में प्रदेश के टॉपर विद्यार्थियों के घर तक सड़क निर्माण को 'डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम गौरव पथ' योजना से जोड़ने की घोषणा की गई थी, जो आज भी संचालित है और मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
केशव मौर्य ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सपनों को साकार करने के लिए निरंतर परिश्रम और मजबूत हौसले आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों से पर्यावरण संरक्षण के लिए इस अभियान से जुड़ने की अपील की। इस अवसर पर माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री गुलाब देवी ने कहा कि अनुशासन, समय प्रबंधन और सतत परिश्रम सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के साथ मित्रवत व्यवहार अपनाने का आग्रह किया।
वहीं बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सुधारों के कारण विद्यालयों में बच्चों की संख्या बढ़ी है तथा ड्रॉपआउट दर में कमी आई है। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, राज्य मंत्री गुलाब देवी और राज्य मंत्री संदीप सिंह ने यूपी बोर्ड तथा उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को ई-स्कूटी, स्मार्टफोन एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
