इटावा में आंधी-तूफान से दर्दनाक हादसा : आंगनबाड़ी कार्यकर्ती सहित दो की मौत, परिवार में कोहराम

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में आए भीषण आंधी-तूफान के दौरान दीवार और मकान गिरने की अलग-अलग घटनाओं में एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ती समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को राहत सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ला ने सोमवार को बताया कि आंधी-तूफान से जनपद में व्यापक नुकसान हुआ है। राजस्व विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों का सर्वेक्षण कर रही हैं और शासन के निर्देशानुसार पात्र पीड़ितों को निर्धारित समयावधि में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। 

उन्होंने बताया कि इकदिल क्षेत्र के केशोपुर कला गांव में दीवार गिरने से एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ती की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। एक अन्य घटना भरथना क्षेत्र के लालपुर गांव में हुई, जहां मकान ढह जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। 

घायल महिला का उपचार स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। जिलाधिकारी ने बताया कि आंधी-तूफान के कारण जिले के विभिन्न हिस्सों में पेड़ उखड़ गए तथा विद्युत लाइनों और बिजली के खंभों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।

विद्युत विभाग और पावर कॉरपोरेशन की टीमें क्षतिग्रस्त बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बहाल करने तथा टूटे खंभों को बदलने के कार्य में जुटी हुई हैं। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं, ताकि प्रभावित परिवारों को शीघ्र सहायता उपलब्ध कराई जा सके। 

ये भी पढ़ें  : 
गोंडा RPF ने पेश की ईमानदारी की मिसाल, अवध एक्सप्रेस में छूटा लाखों का सामान यात्री को लौटाया

 

 

संबंधित समाचार