स्टॉक खत्म या रेट बढ़ने के दावों से रहें सावधान, यूपी रेरा ने बिल्डर-एजेंटों के दावों से किया सतर्क
रेरा पोर्टल पर संपत्तियों की कर सकते पूरी जानकारी
लखनऊ, अमृत विचार : अक्सर बिल्डर व एजेंट संभावित खरीदारों को यह विश्वास दिलाने का प्रयास करते हैं कि आने वाले समय में प्रॉपर्टी के दाम बढ़ जाएंगे या बाजार में उपलब्ध यूनिट खत्म हो जाएंगी। इस तरह के दावे करके खरीदारों पर तत्काल बुकिंग का दबाव बनाते हैं। ऐसे दावों से घर खरीदार और निवेशक सावधान रहें। खरीदार रेरा पोर्टल पर परियोजना का रेरा पंजीकरण, प्रमोटर का रिकॉर्ड, स्वीकृत नक्शे, परियोजना की प्रगति और कब्जा देने की समय-सीमा जैसी महत्वपूर्ण जानकारी, आवश्यक सूचनाएं जान सकते हैं।
रेरा पोर्टल पर संपत्तियों की कर सकते पूरी जानकारी
उप्र भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (रेरा) ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान आंकड़े किसी भी प्रकार की स्टॉक कमी की पुष्टि नहीं करते हैं। घर खरीदार और निवेशक पूरी जानकारी, जांच-पड़ताल और वित्तीय क्षमता को ध्यान में रखकर खरीदारी करें। किसी भी प्रकार के प्रचार, अफवाह या दबाव में आकर संपत्ति खरीदने का निर्णय न लें। वर्तमान में प्रदेश के रियल एस्टेट बाजार में लगभग 1.15 लाख से अधिक आवासीय एवं कामर्शियल यूनिट उपलब्ध हैं। इनमें फ्लैट, विला, प्लॉट, दुकानें, कार्यालय और अन्य प्रकार के कामर्शियल स्पेस शामिल हैं। उपलब्ध स्टॉक यह दर्शाता है कि खरीदारों के पास अपनी आवश्यकता और बजट के अनुसार पर्याप्त विकल्प मौजूद हैं। प्रदेश के पश्चिमी जोन में कुल स्टॉक का लगभग 55 प्रतिशत, यानी 60 हजार से अधिक यूनिट उपलब्ध हैं। जबकि मध्य जोन में कुल उपलब्ध स्टॉक का लगभग 35 प्रतिशत अर्थात 40 हजार से अधिक यूनिट मौजूद हैं। वहीं, पूर्वी जोन में भी 15 हजार से अधिक यूनिट उपलब्ध हैं।
