बारिश का पानी बचाएंगे 79 सरकारी भवन, लघु सिंचाई विभाग ने लगाए रूफ टॉप रेनवाटर हार्वेस्टिंग
लखनऊ, अमृत विचार : शहर की तर्ज पर ग्रामीण इलाकों में सरकारी भवनों से बारिश का पानी संरक्षित किया जाएगा। लघु सिंचाई विभाग ने 79 सरकारी/अर्ध सरकारी भवन वर्षा जल संचयन के लिए रूफटॉप रेनवाटर हार्वेस्टिंग से लैस किए हैं, जो बारिश के पानी को संरक्षित करके सीधे भूजल को रिचार्ज करेंगे।
वर्ष 2026-27 के लक्ष्य पर भवनों का सर्वे शुरू
विभाग ने वर्ष 2025-26 की योजना में सभी आठ विकास खंड का सर्वे करके पंचायत भवन, प्राथमिक, उच्च प्राथमिक विद्यालय व आंगनबाड़ी केंद्रों की छतों पर रूफ टॉप रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाकर सम्बंधित विभाग को हैंडओवर कर दिए हैं। जो इस बार से बारिश का पानी बर्बाद होने से बचाएंगे और छतों का पानी संरक्षित करके पाइप के सहारे सीधे नीचे जाकर भूजल रीजार्च करेगा। रूफ टॉप वाटर हार्वेस्टिंग विभाग ने अपने बजट से लगाए हैं। साथ ही वर्ष 2026-27 के लक्ष्य पर भी सर्वे शुरू कर दिया है। इस वर्ष सरकारी व अर्ध सरकारी भवनों में 80 रूफ टॉप रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त आवासीय व व्यावसायिक भवन स्वामियों को भी इसी तरह छतों पर रूफ टॉप लगाकर वर्षा जल संचयन के प्रति जागरूक किया जाएगा।
रूफ टॉप से बचा सकते 75 फीसद तक बारिश का पानी
लघु सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता राहुल ने बताया कि जिले में लगभग 800-900 एमएम बारिश हर वर्ष होती है। इसमें रूफ टॉप रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम से 75 फीसद तक बारिश का पानी बचा सकते हैं। उदाहरण के तौर पर एक हजार स्क्वायर मीटर में लगे रूफ टॉप रेनवाटर हार्वेस्टिंग से 630 घन मीटर तक पानी बचता है। ये पानी छतों से एकत्र होकर पाइप से चेंबर में जाता है और सीधे भूजल में गिरकर रिचार्ज करता है। इस पानी को फिल्टर करके दैनिक उपयोग में भी इस्तेमाल करते हैं।
