मुरादाबाद: बिजली चोरी पकड़ काटे 30 कनेक्शन, 500 बकायेदारों को बिजली निगम का नोटिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार  विद्युत निगम की ओर से मॉर्निंग रेड के तहत शनिवार सुबह दिन निकलते ही छापामार अभियान चलाया गया। लोग सोते रहे और बिजली निगम की टीम घरों पर पहुंच गई। इससे उपभोक्ताओं में खलबली मच गई। टीम ने लंबे समय से बकाया भुगतान न करने पर 30 लोगों के कनेक्शन काटे, वहीं …

मुरादाबाद, अमृत विचार  विद्युत निगम की ओर से मॉर्निंग रेड के तहत शनिवार सुबह दिन निकलते ही छापामार अभियान चलाया गया। लोग सोते रहे और बिजली निगम की टीम घरों पर पहुंच गई। इससे उपभोक्ताओं में खलबली मच गई। टीम ने लंबे समय से बकाया भुगतान न करने पर 30 लोगों के कनेक्शन काटे, वहीं आठ घरों में चोरी की बिजली पकड़ी।

महानगर में बिजली चोरी सहित मीटरों में गड़बड़ी के मामले बढ़ रहे हैं। कोरोनाकाल के दौरान चोरी के मामलों में इजाफा हुआ है। जिसे लेकर पिछले दिनों आला अफसर भी बता चुके हैं कि महानगर में बढ़ रही बिजली चोरी पर पूरी तरह लगाम लगाई जाए। इसके लिए सभी अधिशासी अभियंता और एसडीओ अपने-अपने क्षेत्र में रणनीति बनाकर अभियान चला रहे हैं।

शनिवार को एसडीओ अजय कुमार के नेतृत्व में सुबह चाऊ की बस्ती, कटघर, गलशहीद नगर, पचपेड़ा, एकता विहार, दौलतबाग, पीतल बस्ती, चक्कर की मिलक में चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें चाऊ की बस्ती में पांच लोग कटिया डालकर बिजली चोरी करते मिले, जबकि चक्कर की मिलक में तीन लोग बिजली चोरी करते पकड़े गए। जिनका तत्काल कनेक्शन काटने के साथ ही चेतावनी दी गई। इसके बाद टीम ने घर-घर पहुंचकर मीटर चेक किए। इसके साथ ही मीटरों में भी गड़बड़ी मिली।

अधिशासी अभियंता अशोक कुमार ने बताया कि बिजली चोरी करने पर आठ लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। लोग बिजली चोरी न करें और अपना लोड बढ़वा लें। रोजाना अभियान चलाया जा रहा है। यदि अगली बार बिजली चोरी मिली तो मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।

500 बकायेदारों को बिजली निगम का नोटिस
मुरादाबाद। एक मुश्त समाधान (ओटीएस) योजना के तहत पंजीकरण न कराने वाले 500 उपभोक्ताओं को निगम ने नोटिस जारी किए हैं। ऐसे लोगों को तीन दिन के भीतर बकाया भुगतान को बुलाया गया है। चेतावनी दी गयी है कि पंजीकरण न कराने के साथ ही बकाया भुगतान न करने पर कनेक्शन काटा जाएगा।  विद्युत निगम के उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए ओटीएस योजना के तहत पंजीकरण अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत शहरी क्षेत्र में दो किलोवाट तक के उपभोक्ता और ग्रामीण क्षेत्र में घरेलू एवं निजी उपभोक्ताओं योजना के तहत पंजीकरण करारक लाभ ले सकते हैं।

पावर कॉरपोरेशन में ओटीएस योजना में 100 प्रतिशत सरचार्ज छूट दी जा रही है। इसमें उपभोक्ताओं को बकाया की 30 प्रतिशत राशि जमा करनी होगी। योजना में करीब दो हजार से अधिक उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कराकर करीब एक करोड़ रूपये की राशि जमा कर दी है। योजना का लाभ देने के लिए पावर कॉरपोरेशन की ओर से शिविरों का आयोजन भी किया जा रहा है। इसके अलावा माह की आखिरी तारीख तक 10 हजार से अधिक बकायेदारों पर पंजीकरण न कराने पर कनेक्शन काटने की कार्रवाई होगी।

अधिशासी अभियंता अशोक कुमार ने बताया कि ओटीएस योजना में सरचार्ज पर छूट दी जा रही है। योजना के तहत पंजीकरण किये जा रहे हैं। निर्धारित समय तक पंजीकरण न कराने वालें 500 उपभोक्ताओं को अभी तक नोटिस जारी किए जा चुके हैं। बताया कि 10 हजार रुपये से अधिक बकाया वाले उपभोक्ता निर्धारित समय तक लाभ ले सकते हैं

संबंधित समाचार