चित्रकूट हत्याकांड: मासूम अंकुल का शव पहुंचते ही गांव में मातम और आक्रोश, मांगें पूरी होने तक परिजनों का अंतिम संस्कार करने से इंकार
रामनगर, चित्रकूट/ अमृत विचार। चित्रकूट के रामनगर में 9 वर्षीय मासूम अंकुल की निर्मम हत्या के बाद क्षेत्र में स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई है। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार शाम लगभग चार बजे मासूम अंकुल का शव रामनगर पहुंचा तो मातम पसर गया। ग्रामीणों में दुख और गुस्से के मिले जुले भाव नजर आए।
शव का अंतिम संस्कार करने से साफ इनकार
बच्चे के शव को देख गांववालों का आक्रोश चरम पर पहुंच गया। परिजनों और ग्रामीणों ने शव घर के बाहर रख दिया और मांगें पूरी होने तक अंतिम संस्कार से मना कर दिया। रामनगर में नौ साल के अंकुल पुत्र अशोक विश्वकर्मा की एक जून को निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में बच्चे की मां रामदुलारी ने घर के पास में रहने वाले गोलू निषाद, धर्मेंद्र पुत्रगण पप्पू और पप्पू पुत्र गयादीन के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। अशोक पूना में नौकरी करते हैं।
बुधवार को उनके लौटने के बाद शव का पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो उसे देख ग्रामीण आक्रोशित हो गए। शव को घर के दरवाजे पर रखकर ग्रामीण बैठ गए।
पीड़ित परिवार को 50 लाख मुआवजे की मांग
इनका कहना था कि पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये, शस्त्र लाइसेंस, सरकारी नौकरी और कृषियोग्य भूमि दी जाए। समाचार भेजे जाने तक मौके पर रैपुरा, बरगढ़, सरधुआ, मऊ आदि थानों की फोर्स गांव में तैनात थी और परिजन मांगें पूरी होने तक शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर रहे थे।
मौके पर भारी पुलिस बल तैनात
घटना को लेकर क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। ग्रामीण लगातार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया तथा सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।
मासूम की हत्या के दो आरोपी गिरफ्तार
रैपुरा पुलिस ने मासूम अंकुल की हत्या के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष राम सिंह ने मुख्य आरोपी गोलू निषाद और उसके पिता पप्पू निषाद को मुखबिर की सूचना पर धर दबोचा। पुलिस टीम में आरक्षी जयनारायण पटेरिया, सूरज यादव, सुनील गुप्ता और आकांक्षा शामिल रहीं।
