सोनम वांगचुक के बाद CJP को मिला प्रकाश राज का साथ, प्रदर्शन में शामिल होने का किया ऐलान, युवाओं से पूछा अंडरवियर पहनकर आ रहे हो या..
नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) 6 जून को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। सीजेपी के इस विरोध प्रदर्शन में फिल्म अभिनेता प्रकाश राज भी शामिल होंगे। इसका ऐलान उन्होंने खुद किया है। वहीं लद्दाख़ के पर्यावरण कार्यकर्ता और शिक्षाविद सोनम वांगचुक ने भी ऐलान किया है कि अगर 5 जून तक शिक्षा मंत्री का इस्तीफ़ा नहीं होता है तो वो 6 जून को सीजेपी के विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगे।
देश में बढ़ते परीक्षा पेपर लीक और अन्य गड़बड़ियों को लेकर छात्रों और आम जनता में गुस्सा बढ़ रहा है। इसी मुद्दे पर कॉकरोच जनता पार्टी ने दिल्ली के जंतर मंतर पर 6 जून को बड़ा विरोध प्रदर्शन आयोजित करने का ऐलान किया है। कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने घोषणा की है कि वो 6 जून को अमेरिका से भारत लौटेंगे और दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करके शिक्षा मंत्री के इस्तीफ़े की मांग करेंगे।
अभिजीत दीपके फ़िलहाल अमेरिका में हैं। उन्होंने वहां पर बोस्टन यूनिवर्सिटी से अपना ग्रैजुएशन पूरा किया है। इस प्रदर्शन में प्रकाश राज भी हिस्सा लेंगे। प्रकाश राज ने खुद अपने मजेदार अंदाज में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसका ऐलान किया है।
प्रकाश राज ने पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “मैं 6 तारीख को वहां पहुंचकर कॉकरोचों के इस महत्वपूर्ण आंदोलन के प्रति अपना समर्थन और एकजुटता जताने की पूरी कोशिश कर रहा हूं। फिलहाल मैं एक फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में काफी दूर हूं और यह पहले से तय कार्यक्रम है, लेकिन इसके बावजूद वहां मौजूद रहने का पूरा प्रयास करूंगा।”
अपने दूसरे ट्वीट में प्रकाश राज ने हल्के-फुल्के अंदाज में लिखा, “अगर आप आ रहे हैं तो क्या हम मना करेंगे।” साथ ही युवाओं से मजाकिया लहजे में पूछा कि वे आंदोलन में अंडरवियर पहनकर आ रहे हैं, शॉर्ट्स में या किसके साथ आ रहे हैं। कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रकाश राज के ट्वीट पर तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए उनका धन्यवाद किया।
प्रकाश राज अपनी खुलकर सरकार विरोधी राय रखने के लिए जाने जाते हैं। वे अक्सर सोशल मीडिया पर मोदी सरकार की नीतियों की आलोचना करते नजर आते हैं। इस प्रदर्शन में पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी शामिल होने वाले हैं। उन्होंने भी अपने प्रशंसकों के लिए वीडियो संदेश जारी कर इसकी जानकारी दी है। बता दें कि सीजेपी ने 3 जून को प्रेस कांफ्रेंस की थी, जिसमें आगे का प्रोग्राम बताया था। 6 जून को पार्टी जंतर मंतर पर प्रदर्शन करने का प्लान बना रही है। एक दिन पहले जब सीजेपी ने अपने प्रवक्ताओं का ऐलान किया था।
