Cockroach Janta Party Protest : कॉकरोच जनता पार्टी जंतर-मंतर पर करेगी बड़ा आंदोलन, सोनम वांगचुक ने क्यों रख दीं ये बड़ी शर्तें
शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांगने उतरेगी कॉकरोच जनता पार्टी, विपक्षी दल भी उठा रहे हैं यही मांग
मशहूर पर्यावरण कार्यकर्ता और शिक्षाविद सोनम वांगचुक, अभिनेता प्रकाश राज समेत कई बड़ी शख्सियतों ने कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को समर्थन का एलान किया है। सीजेपी के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस और खुफिया एजेंसियां सतर्क हैं। सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके शनिवार को ही अमेरिका से भारत पहुंचेंगे।
अमृत विचार : देश में पेपर लीक के मुद्दे पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) शनिवार-6 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर अपना पहला और बड़ा विरोध-प्रदर्शन करने जा रही है। सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके शनिवार को ही अमेरिका से दिल्ली पहुंचेंगे। उनके आंदोलन को देश की कई जानी-मानी हस्तियों ने समर्थन देने का एलान किया है। अभिनेता प्रकाश राज, पर्यावरण कार्यकर्ता और शिक्षाविद सोनम वांगचुक भी इनमें से एक हैं। हालांकि सोनम वांगचुक ने आंदोलन में शामिल होने के लिए कुछ बड़ी शर्तें रख दी हैं। वांगचुक ने कहा कि, आंदोलन प्यार, मुहब्बत और शांतिपूर्वक होना चाहिए। बेशक, दूसरी तरफ से बल का प्रयोग किया जाए। लेकिन हमें सत्याग्रह के पथ पर ही डटे रहना है।
सोनम वांगचुक ने कहा कि, हमारा सबसे बड़ा हथियार सत्याग्रह और शांति है। गांधीजी ने हमें यही सिखाया है। ये वो हथियार है, जिसके सामने ब्रिटिश शासन को भी झुकना पड़ा था।
भारत पहुंचते ही हो सकता हूं गिरफ्तार-दीपके
वांगचुक ने आंदोलन में बल प्रयोग की आशंका जताते हुए कहा कि ऐसा हो सकता है, लेकिन दूसरी तरफ से। हमारी तरफ से शांति रहेगी। बेशक हमें जेल जाना पड़ जाए!
सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके को लेकर वांगचुक ने कहा कि, वह पहले ही आशंका जता चुके हैं कि भारत पहुंचने पर उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है। इसके बावजूद भी मैं आऊंगा। प्रदर्शन करना हमारा लोकतांत्रिक अधिकार है। अभिजीत दीपके ने अपने एक वीडियो संदेश में समर्थकों से एयरपोर्ट पर न आने की अपील की है।
एक बार जेल जरूर जाना चाहिए-वांगचुक
सोनम वांगचुक ने एक बातचीत में जेल का अनुभव साझा करते हुए कहा कि, मुझे बिल्कुल भी तनाव नहीं हुआ। बल्कि मुझे वहां अनुभव हुए हैं। मेरी राय है कि व्यक्ति को एक बार जेल जरूर जाना चाहिए। लेकिन चोरी, हिंसा या अपराध के लिए नहीं बल्कि किसी नेक मकसद, अच्छे कार्य के लिए।
लद्दाख के मुद्दे पर 6 महीने काटी जेल
पर्यावरण कार्यकर्ता और सोनम वांगचुक 170 दिन, करीब 6 महीने जेल में रहे हैं। लद्दाख को राज्य का दर्जा दिलाने और संविधान की छठी अनुसूची में शामिल करने की मांग लेकर वह अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए थे। विरोध-प्रदर्शन के बाद उनके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) की कार्रवाई की गई थी। इसी साल मार्च में उन्हें रिहा किया गया था।
कैसे बनी कॉकरोच जनता पार्टी
भारत के मुख्य न्यायाधीय, जस्टिस सूर्यकांत की बेरोजगार युवाओं को लेकर एक टिप्पणी से सोशल मीडिया पर कॉकरोच जनता पार्टी का मूवमेंट चला। व्यांगात्मक अंदाज में शुरू इस मूवमेंट को सोशल मीडिया पर व्यापक जनसमर्थन मिला। इस मूवमेंट को चलाने वाले अभिजीत दीपके जोकि अमेरिका में रहते हुए-उन्होंने 16 मई को कॉकरोच जनता पार्टी की स्थापना की। दो दिन पहले ही सीजेपी ने सौरभ दहिया, विजेता दहिया और अभिषेक रांका के रूप में अपने तीन प्रवक्ता घोषित किए थे।
पेपर लेकर के मुद्दे पर जनाक्रोश
देश में प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक के मुद्दे पर बड़ा जनाक्रोश देखा जा रहा है। नीट से लेकर तमाम दूसरी परीक्षाएं के पेपर लीक हो चुके हैं। बार-बार परीक्षाएं रद्द होने से युवा निराश हैं। ताजा मामला नीट का है। नीट का पेपर लीक होने के मामले में विपक्ष शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़ा है। कॉकरोच जनता पार्टी भी धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांगने के लिए जंतर-मंतर पर बड़ा प्रदर्शन करने जा रही है।
