Lucknow News: हड़ताल समाप्त... आज से दौड़ेंगी सभी बसें, 300 नई AC E-City buses की मिली सौगात, 14 रूटों पर होगा संचालन
लखनऊ, अमृत विचारः योगी कैबिनेट ने बुधवार को प्रदेश में 1725 एसी इलेक्ट्रिक सिटी बसें खरीदने को मंजूरी दी है। इसमें 300 बसें लखनऊ में चलेंगी। सिटी ट्रांसपोर्ट ने 125 बसों का प्रस्ताव भेजा था, शासन ने इसमें 175 बसों की बढ़ोत्तरी कर दी है। इन बसों का शहर के 14 प्रमुख रूटों पर संचालन किया जाएगा। लखनऊ सिटी ट्रांसपोर्ट के प्रबंध निदेशक विमल राजन ने बताया कि नई बसें चारबाग-बीकेटी, स्कूटर इंडिया-इंजीनियरिंग कॉलेज, राजाजीपुरम, अहिमामऊ, गोमतीनगर के विराज खंड और बीबीडी क्षेत्र समेत 14 रूटों पर चलाई जाएंगी। इससे यात्रियों का आवागमन और सुलभ व आरामदायक हो जाएगा।
इधर, सात दिनों तक चली सिटी बस कर्मचारियों की हड़ताल भी समाप्त हो गई है। हड़ताल के दौरान उपद्रव करने वाले 15 संविदा बस कंडक्टरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी, जिनमें से आठ को जेल भेजा गया। सिटी ट्रांसपोर्ट की कार्रवाई के बाद हड़ताली कर्मचारी ड्यूटी पर लौट आए हैं। गुरुवार को 115 ई-सिटी बसों में से लगभग 80 बसें विभिन्न रूटों पर वापस संचालित होने लगीं। शुक्रवार सुबह 11 बजे कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच वार्ता प्रस्तावित है। वार्ता के बाद दोपहर से सभी बसों का संचालन शुरू कराने की तैयारी है, जिससे भीषण गर्मी में यात्रियों को एसी ई-सिटी बसों की सुविधा मिल सकेगी।
