काशी में सिलेंडर फटने से मकान के ग्राउंड फ्लोर पर लगी आग, गालिया संकरी होने से दमकल को करनी पड़ी कड़ी मशक्क्त
वाराणसी। वाराणसी में सिगरा थाना क्षेत्र के लल्लापुरा इलाके में गुरुवार रात अचानक एक मकान में आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया।
दमकल विभाग ने आग पर पाया काबू
घटना की जानकारी फायर ब्रिगेड को दी गई, जिसके बाद दमकलकर्मी भी मौके पर पहुंचे। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग मकान मालिक मुरारी पुत्र शीतला प्रसाद, निवासी लल्लापुरा के मकान के ग्राउंड फ्लोर पर लगी थी। देखते-ही-देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पहले तल तक पहुंच गई, जहां एक गैस सिलेंडर रखा हुआ था। अत्यधिक गर्मी से सिलेंडर फट गया, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।
स्थानीय लोगो की तत्परता ने बचायी जान
हालांकि, पुलिस, फायर ब्रिगेड तथा स्थानीय नागरिकों की सतर्कता और तत्परता से आग को समय रहते काबू में कर लिया गया। क्षेत्र की संकरी गलियों के कारण दमकल वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने में कठिनाई हुई, फिर भी संयुक्त प्रयास से आग को आगे फैलने से रोक दिया गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
