Chitrakoot News: सेमरदहा में सोते समय बुजुर्ग की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या, खून से लथपथ शव देखा सन्न रह गए परिजन
मानिकपुर (चित्रकूट) अमृत विचार। पुलिस अभी पिछले दिनों हुई हत्याओं की गुत्थी सुलझाने में जुटी थी कि बहिलपुरवा थानांतर्गत सेमरदहा गांव में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या हो गई। सुबह खून से लथपथ शव मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, सेमरदहा निवासी रामनरेश कोटार्य (70) गुरुवार रात भोजन करने के बाद रोजाना की तरह घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे। देर रात किसी ने कुल्हाड़ी से चेहरे और शरीर के अन्य भागों पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
शुक्रवार सुबह जब परिजनों ने खून से लथपथ शव देखा तो सन्न रह गए। देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। सूचना मिलने पर बहिलपुरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी ली। वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटना के शीघ्र खुलासे के लिए निर्देश दिए।
बहिलपुरवा एसओ सत्यमपति त्रिपाठी ने बताया कि इस संबंध में मृतक के पौत्र सचिन ने गांव के ही गुड्डू उर्फ उदितनारायण पुत्र झल्लू उर्फ शिवभजन कोटार्य पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ग्रामीणों के बीच हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, पारिवारिक विवाद अथवा अन्य कारणों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रथमदृष्टया पता चला है कि नामजद आरोपी पर पीड़ित परिवार ने छेड़खानी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस अन्य पहलुओं पर भी गौर कर रही है।
