Rampur News: सैफनी में दिव्यांग से दुष्कर्म करने का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, दिनदहाड़े घर में घुसकर की थी हैवानियत

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

सैफनी/रामपुर, अमृत विचार। थाना सैफनी क्षेत्र के एक गांव में दिव्यांग दलित किशोरी के साथ उसके ही घर में घुसकर दुष्कर्म करने के आरोपी को थाना पुलिस ने शुक्रवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ में आरोपी की पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उपचार के लिए घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

गुरुवार की सुबह 10 बजे के समय क्षेत्र के एक गांव में दूसरे समुदाय के साबिर ने दिन-दहाड़े दलित किशोरी के घर में घुस कर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था। मां ने तहरीर देते हुए बताया था कि वो दरजी के यहां कपड़े सिलवाने के काम से बाहर गई थी। इसी दौरान किशोरी को घर में अकेला देख साबिर घर में घुस गया और किशोरी से जबरन दुष्कर्म कर दिया।

मां जब वापिस लौटी तो घर का मुख्य दरवाजा बंद था और अंदर से दिव्यांग की चीखने की आवाज आ रही थी शोर मचाने पर पड़ोसी मौके पर आ गए और भाग रहे आरोपी साबिर को लोगों ने पकड़ लिया लेकिन वह हाथापाई करके फरार हो गया था। जिसके बाद बदहवास किशोरी ने दुष्कर्म होने की आपबीती सुनाई।

मामला दो समुदाय का होने के चलते पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई और पीड़ित किशोरी व उसकी मां को साथ ले गई। जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ एससी एसटी एक्ट एवं पॉक्सो और दुष्कर्म की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।

पुलिस ने आरोपी की धर पकड़ने के लिए तीन टीमों का गठन किया था। थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि साबिर रामगंगा पुल के पास बैरुआ गांव को जाने वाले रास्ते पर कहीं भागने की फिराक में खड़ा है।

इसके बाद वह टीम के साथ पहुंचे और साबिर को रामगंगा पुल के पास घेरने की कोशिश की लेकिन वह खुद को घिरता देख चकरोड की तरफ भाग निकला और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जिसके बाद पुलिस टीम की तरफ से जवाबी कार्रवाई में आरोपी की बाए पैर में गोली लगी है। पुलिस आरोपी से 315 बोर का तमंचा भी बरामद किया है। घायल को पुलिस ने इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया है।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज